स्थानीय थाना क्षेत्र के लोकनाथपुर गांव में होली के दिन हुई मंशाराम यादव की हत्या में फरार चल रहे छह आरोपियों में से महरुआ पुलिस ने रविवार रात एक को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस अन्य आरोपियों की तलाश में छापेमारी कर रही है।
बताते चलें कि कटेहरी ब्लॉक प्रमुख अजय सिंह सिपाही के घर में होली पर आयोजित कार्यक्रम में आए सुल्तानपुर के किसनागरपुर गांव निवासी मंशाराम यादव की गोली लगने से मौत हो गई थी। घटना के एक दिन बाद जयसिंहपुर थाना क्षेत्र की एक माइनर में मंशाराम की लाश पड़ी मिली थी।
ब्लॉक प्रमुख व अन्य ने इसे सामान्य हादसा बताया था, जबकि मंशाराम के परिवारीजनों ने हत्या का मामला बताया था। मंशाराम के रिश्तेदार ने जयसिंहपुर थाने में मुलायम यादव व अजय यादव के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई थी।
पुलिस ने विवेचना के दौरान ब्लॉक प्रमुख अजय सिंह सिपाही व उसके भाई विजय प्रताप सिंह तथा खड़हरा निवासी रवींद्र पांडेय व उसके भाई गिरेंद्र पांडेय का नाम साक्ष्य मिटाने के आरोप में शामिल किया था।
घटना के बाद से सभी आरोपी फरार हैं। रविवार को महरुआ पुलिस ने छापेमारी करके खड़हरा निवासी गिरेंद्र पांडेय को गिरफ्तार कर लिया। एसओ अरशद सिद्दीकी ने बताया कि आरोपी गिरेंद्र को जेल भेजा जा रहा है। अन्य आरोपियों की तलाश की जा रही है।