मदरसा शिक्षा परिषद की परीक्षा में मंगलवार को एक मुन्ना भाई पकड़ा गया। यहां मुंशी की प्रथम पाली की परीक्षा में एक युवक अपने ही बड़े भाई के स्थान पर परीक्षा दे रहा था। कक्ष निरीक्षक को आशंका होने पर जांच की गई तो फर्जीवाड़ा पकड़ में आया। इसके बाद युवक को पुलिस के हवाले कर दिया गया।
अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी ने बताया कि मामले में छात्र के विरुद्ध केस दर्ज करा दिया गया है। क्षेत्र के लोकमान्य ग्रामोद्योग इंटर कॉलेज नरियांव में मदरसा शिक्षा परिषद की परीक्षा के दौरान मंगलवार को प्रथम पाली में उस समय फर्जीवाड़ा पकड़ में आया, जब एक कक्ष निरीक्षक को संदेह हुआ कि फर्जी परीक्षार्थी एग्जाम दे रहा है।
उस समय प्रथम पाली में मुंशी की परीक्षा चल रही थी। कक्ष निरीक्षक लालजी की जानकारी के बाद आंतरिक सचल दल कक्ष संख्या 27 में पहुंचा। वहां आवश्यक छानबीन की गई। छात्र के पास मौजूद प्रवेश पत्र की सघनता से जांच के अलावा विद्यालय में मौजूद अभिलेखों से मिलान किया गया।
इसके बाद पाया गया कि अनुक्रमांक संख्या 160220614 पर छात्र वहीरुलहसन परीक्षा देने के लिए अधिकृत था। वह खुद परीक्षा देने नहीं पहुंचा था। उसके स्थान पर उसका छोटा भाई परीक्षा दे रहा था। फर्जीवाड़े का खुलासा होने के बाद केंद्र व्यवस्थापक अर्जुन प्रसाद पांडेय ने पुलिस व अधिकारियों को सूचित किया।
जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी अश्विनी कुमार ने तत्काल मामले में केस दर्ज कराने का निर्देश दिया। इसके बाद सूचना पर पहुंची पुलिस ने फर्जी छात्र को हिरासत में ले लिया और उसे जहांगीरगंज थाने ले जाया गया।
बाद में केंद्र व्यवस्थापक ने मामले में समुचित कार्रवाई तय करने के लिए थानाध्यक्ष जहांगीरगंज को लिखित पत्र भी सौंपा। पत्र के जरिये कहा गया कि मुंशी की परीक्षा में नेवारी निवासी युवक अपने भाई के स्थान पर परीक्षा देता पाया गया।
केंद्र व्यवस्थापक ने फर्जी परीक्षार्थी के विरुद्ध अग्रिम कार्रवाई सुनिश्चित करने का अनुरोध किया। उधर, थानाध्यक्ष जहांगीरगंज नीरज राय ने बताया कि मामले में केंद्र व्यवस्थापक की तहरीर पर आरोपी छात्र के विरुद्ध धोखाधड़ी की धाराओं में केस दर्ज कर लिया गया है।