अंबेडकर नगर जिला अस्पताल में भर्ती मारपीट का घायल।
- फोटो : अमर उजाला
थाना क्षेत्र राजेसुल्तानपुर अंतर्गत टिकोरिया बुजुर्ग गांव में गुरुवार देर शाम भूमि विवाद को लेकर दो पक्षों में मारपीट हो गई। इसमें दोनों पक्षों के चार लोग घायल हो गए। बाद में दोनों पक्षों ने थाने पहुंचकर पुलिस को पूरे मामले की जानकारी दी और केस दर्ज करने के लिए तहरीर भी दी।
पुलिस ने घायलों को मेडिकल परीक्षण के लिए जिला अस्पताल भेजकर छानबीन शुरू कर दिया है। जानकारी के अनुसार गांव निवासी हरिचरन व हरिश्चंद्र तिवारी के बीच लंबे समय से भूमि विवाद चला आ रहा है। इसे लेकर कई बार दोनों पक्ष आमने-सामने आ चुके हैं।
दोनों पक्षों के अनुसार इसकी शिकायत कई बार पुलिस से भी की गई लेकिन स्थाई निस्तारण नहीं किया जा सका। नतीजा यह हुआ कि गुरुवार देर शाम एक बार फिर से दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए। पहले तो कहासुनी हुई, इसके बाद लाठी-डंडे चलने लगे। इससे मौके पर अफरातफरी मच गई।
स्थानीय लोगों ने बीचबचाव कर मामला शांत कराया लेकिन मारपीट में एक पक्ष के संदीप (26) पुत्र हरिचरन, हरिचरन (50) पुत्र गंगाधर व ममता (28) पुत्री हरिचरन तथा दूसरे पक्ष के हरिश्चंद्र तिवारी (52) पुत्र ओमप्रकाश को चोटें आईं।
बाद में दोनों पक्षों ने थाने पहुंचकर पुलिस को पूरे मामले की जानकारी दी और केस दर्ज करने के लिए तहरीर भी दी। एसओ ने बताया कि तहरीर मिली है। छानबीन की जा रही है। घायलों को मेडिकल परीक्षण के लिए जिला अस्पताल भेज दिया गया है।