अकबरपुर थाना क्षेत्र के रतनपुर गांव में सोमवार को वैवाहिक आयोजन के दौरान हर्ष फायरिंग में गोली लगने से एक मासूम व एक किशोर घायल हो गया। घटना से मौके पर अफरातफरी मच गई। दोनों घायलों को जिला अस्पताल मेें भर्ती कराया गया। मौके पर पहुंची पुलिस ने छानबीन शुरू कर दी है।
एसपी व सीओ ने जिला अस्पताल पहुंचकर आवश्यक जानकारी प्राप्त की। हर्ष फायरिंग करने के आरोपी सैन्यकर्मी को पुलिस ने हिरासत में लेकर उसकी बंदूक कब्जे में ले ली है। घायलों के परिवारीजनों ने अकबरपुर थाने में आरोपी के खिलाफ तहरीर दे दी। देर शाम केस दर्ज कर लिया गया।
अकबरपुर के रतनपुर गांव निवासी सौरभ दुबे की सोमवार सुबह वरीक्षा थी। इसके लिए इब्राहिमपुर थाना क्षेत्र के फूलपुर गांव से लड़की पक्ष के लोग आए थे। वर पक्ष के लोगों ने कन्या पक्ष की खूब आवभगत की। वरीक्षा की रस्म होने के बाद कन्या पक्ष की ओर से आया एक व्यक्ति बंदूक से हर्ष फायरिंग करने लगा।
इसी बीच असावधानी से फायरिंग के चलते वहां मौजूद रतनपुर निवासी देवीदयाल दुबे के 14 वर्षीय पुत्र राज दुबे और नरेंद्र दुबे की चार वर्षीय पुत्री श्रेया दुबे को कई छर्रे धंस गए। इससे दोनों लहूलुहान होकर वहीं गिर गए। यह देख वहां चारों तरफ अफरा-तफरी मच गई।
घटना की जानकारी होते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण भी मौके पर एकत्र हो गए और हर्ष फायरिंग करने वाले चंद्रधर पांडेय को पकड़ लिया। दूसरी ओर दोनों घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया जहां उनकी हालत सामान्य बताई जाती है।
हर्ष फायरिंग में बच्चों को गोली लगने की सूचना पाकर सीओ सिटी उदय प्रताप सिंह व एसओ महेंद्र कुमार फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने चंद्रधर को हिरासत में ले लिया। उसकी डबल बैरल बंदूक भी पुलिस ने कब्जे में ले ली है।
उधर, एसपी अजय कुमार सिंह ने जिला अस्पताल पहुंचकर घायल राज व श्रेया का हालचाल जाना और घटना को लेकर पूछताछ की। बताया जाता है कि हर्ष फायरिंग करने वाला चंद्रधर पांडेय सैन्यकर्मी है और इन दिनों बंगलूूरू में तैनात है। उधर, देर शाम अकबरपुर थाने में पीड़ित पक्ष ने केस दर्ज करने के लिए तहरीर दी। तहरीर के आधार पर केस दर्ज कर लिया गया।