कृषि विभाग के अधिकारियों ने पुलिस टीम के साथ शनिवार को जिला मुख्यालय पर नकली खाद, बीज व कीटनाशक दवा बनाने की एक फैक्ट्री का पर्दाफाश किया। छापेमारी में बड़ी तादाद में सामग्री बरामद हुई, इनमें कई ब्रांडेड कंपनियों के रैपर भी शामिल थे।
छापेमारी के दौरान फैक्ट्री में काम कर रहे कई लोग भाग गए जबकि मुख्य आरोपी को पुलिस ने हिरासत में ले लिया है। कृषि विभाग ने बरामद सामग्री को जब्त कर लिया है। अकबरपुर कोतवाली में केस दर्ज कराया जा रहा है।
कुछ दिनों से कृषि विभाग को शिकायत मिल रही थी कि जिला मुख्यालय के फव्वारा तिराहा के निकट स्थित एक दुकान के नीचे गोदाम में नकली खाद व बीज बनाने का कारोबार धड़ल्ले से चल रहा है।
शिकायत को गंभीरता से लेते हुए शनिवार दोपहर बाद उपकृषि निदेशक विनोद कुमार ने जिला कृषि अधिकारी सुभाषचंद्र अकबरपुर तथा कोतवाली पुलिस टीम के साथ फव्वारा तिराहा के निकट स्थित मेसर्स ओम एग्रो एवं लोहिया बेस्ट कंट्रोल पर छापा मारा।
टीम को देखकर प्रोपराइटर उदितराम मौर्य पुत्र फकीरचंद्र ने वहां से भागने का प्रयास किया लेकिन पुलिसकर्मियों ने दौड़ाकर उसे पकड़ लिया। संदेह के आधार पर उदितराम से दुकान के नीचे स्थित गोदाम का ताला खुलवाया तो वहां का दृश्य देखकर सभी सन्न रह गए।
नकली खाद, बीज व कीटनाशक बनाने की मशीनें व उसे बनाने में लगने वाली आवश्यक सामग्री मौजूद थी। टीम ने अवैध कारखाने के चप्पे-चप्पे की तलाशी ली तो नकली खाद व कीटनाशक दवाओं के साथ-साथ कई ब्रांडेड कंपनियों के रैपर बरामद हुए।
जिला कृषि अधिकारी सुभाषचंद्र ने बताया कि जिंक हाई 225 किग्रा, फसल बलवान 450 किग्रा, मल्टी प्लस 1360 किग्रा, मल्टी सल्फर 450 किग्रा, माइक्रो सल्फर 80 किग्रा, फेरस सल्फेट 175 किग्रा, सल्फर पाउडर 250 किग्रा, माइक्रो न्यूलियंट बनाने के लिए कच्चा माल चार क्विंटल, पेंडी मेथिलीन पांच बोतल, बोतल पर लगाने वाला रैपर 50, सल्फो सल्फ्यूरान 50 लीटर, कीटनाशी नागिन 185 किग्रा, फारीजल पाउडर 30 किग्रा, फोरेट 105 किग्रा, फेस्टूरल 250 किग्रा बरामद हुआ।
इसके अलावा बोरी सिलने वाली मशीन, पैकेट को चिपकाने वाली मशीन, बड़ी मात्रा में ब्रांडेड कंपनियों के रैपर भी बरामद हुए। बरामद सामग्री सील कर नमूनों को जांच को प्रयोगशाला भेज दिया गया।