फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

ठगी कर भाग रहे बदमाश को दबोचा

Wed, 30 Mar 2016 11:20 PM IST
अमर उजाला ब्यूरो/अंबेडकरनगर
विज्ञापन
विज्ञापन
दस हजार रुपये की ठगी कर बाइक से भाग रहे तीन बदमाशों की घेराबंदी कर ग्रामीणों ने एक बदमाश को पकड़ लिया, जबकि दो अन्य बदमाश 10 हजार रुपये लेकर भागने में सफल रहे। पकड़े गए बदमाश की ग्रामीणों ने लाठी-डंडों से जमकर पिटाई की।
विज्ञापन


सूचना पर पुलिस मौके से बदमाश को ग्रामीणों से छुड़ाया और थाने ले आई। पुलिस की मानें तो बदमाश ने 10 हजार रुपये के बदले 20 हजार देने का झांसा देकर ग्रामीण को अपने जाल में फंसाया था। बाद में ठगी का शिकार हुए ग्रामीण ने केस दर्ज करने के लिए तहरीर दी।

पुलिस ने छानबीन शुरू कर दी है। मामला महरुआ थाना अंतर्गत बरामदपुर जरियारी का है। पुलिस को दी गई तहरीर के मुताबिक महरुआ थाना अंतर्गत बरामदपुर जरियारी गांव निवासी प्रेमनाथ पुत्र सुखई बुधवार सुबह फैजाबाद जनपद के अयोध्या रेलवे स्टेशन पर कानपुर से आ रही अपनी भाभी को लेने के लिए पहुंचा। वहां से वह अपनी भाई को लेकर ट्रेन द्वारा अकबरपुर के लिए चला।
विज्ञापन


रास्ते में उसे एक युवक मिला। कुछ देर की बातचीत में युवक ने अपना नाम टीकाराम पुत्र धन्नू निवासी अयोध्या जनपद फैजाबाद बताया और कहा कि उसके पास एक-एक हजार रुपये के 20 नोट हैं। उसे फुटकर की आवश्यकता है।

यदि कोई उसे 10 हजार रुपये दे दे तो बदले में उसे वह 20 हजार रुपये दे देगा। प्रेमनाथ लालच में आ गया। उसने उससे महरुआ चलने को कहा। टीकाराम ने इस पर हामी भर दी। तीनों अकबरपुर रेलवे स्टेशन पहुंचे, फिर यहां से आटो रिक्शे द्वारा महरुआ पहुंचे।

प्रेमनाथ ने बाजार निवासी अपने मित्र जैसराज को पूरी बात बताई। लालच में आकर जैसराज ने टीकाराम को 10 हजार रुपये दे दिए। बदले में उसने जैसराज को एक रुमाल से लपेटा कागज का बंडल थमाया। इसी बीच एक बाइक पर दो बदमाश वहां पहुंच गए।

उनके पहुंचते ही टीकाराम ने हाथ में लिया 10 हजार रुपये बाइक पर सवार बदमाश को दे दिया और स्वयं बाइक पर बैठ गया। जैसराज के रुमाल खोलते ही उसमें नोट की जगह कागज की गड्डी मिली। इसी बीच तीनों बदमाश बाइक से भागने लगे।

प्रेमनाथ इस पर गुहार लगा दी, जिसके बाद आगे मौजूद ग्रामीणों ने घेराबंदी कर ली। इसी बीच प्रेमनाथ ने दौड़ाकर बाइक पर पीछे बैठे टीकाराम को खींच लिया, लेकिन अन्य दोनों बदमाश 10 हजार रुपये लेकर सुल्तानपुर की तरफ भाग खड़े हुए।

पकड़े गए बदमाश की ग्रामीणों ने लाठी डंडों से जमकर पिटाई शुरू कर दी। इसी बीच जानकारी होने पर एसओ अरशद सिद्दीकी दलबल के साथ मौके पर पहुंचे और बदमाश को ग्रामीणों से छुड़ाकर अपनी अभिरक्षा में ले लिया। पुलिस बदमाश को थाने ले आई और आवश्यक पूछताछ शुरू की।

बदमाश ने पहले अपने को भीटी थाना क्षेत्र निवासी बताया, लेकिन सख्ती करने पर उसने अयोध्या निवासी होना कबूल किया। बाद में प्रेमनाथ ने थाने पहुंचकर केस दर्ज करने के लिए तहरीर दी। एसओ श्री सिद्दीकी ने बताया कि तहरीर मिली है। छानबीन की जा रही है।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें