हंसवर थाने के सामने लगे बैरियर को तोड़कर बुधवार रात वध प्रतिबंधित पशु तस्कर भाग खड़े हुए। उन्होंने वहां मौजूद पुलिसकर्मियों को कुचलने का भी प्रयास किया। लिसकर्मियों ने पीछे हटकर किसी तरह अपनी जान बचाई।
हंसवर पुलिस की सूचना पर बसखारी व अन्य थानों की पुलिस टीम ने भी पशु तस्करों का पीछा किया, लेकिन सफलता नहीं मिल पाई। तस्कर वाहन समेत आसानी से फरार होने में सफल रहे। हालांकि, पुलिस ने पशु तस्करों के बैरियर तोड़कर भागने की घटना से इंकार किया है।
बुधवार रात हंसवर पुलिस को जानकारी मिली कि पिकअप वाहन से पशुओं को लादकर वध प्रतिबंधित पशु तस्कर हंसवर की तरफ आ रहे हैं। इस पर उन्हें पकड़ने के लिए हंसवर थाने के सामने ही लोहे से बना बैरियर लगाकर घेराबंदी की गई। इसी बीच वहां पहुंचा तेज रफ्तार वाहन बैरियर को तोड़ता हुआ आगे बढ़ गया।
पुलिसकर्मी यह देख पीछे हट लिए। पशु तस्करों ने वहां मौजूद पुलिस पर वाहन चढ़ाने का प्रयास किया। इस पर पुलिसकर्मियों ने किसी प्रकार अपनी जान बचाई। हालांकि बाद में एसओ ध्रुवचंद्र मौर्य के नेतृत्व में पुलिस ने उन्हें दौड़ाकर पकड़ने का प्रयास किया, लेकिन सफलता नहीं मिल सकी।
दरअसल पशु तस्कर वाहन लेकर तेजी से आगे बढ़ते रहे। पकड़ से दूर होता देख हंसवर पुलिस ने इसकी जानकारी बसखारी पुलिस को दी। इस पर एसओ बसखारी मनोज पंत ने भी पुलिस बल के साथ बसखारी हंसवर मार्ग व बसखारी चौराहे के पास पशु तस्करों की घेराबंदी शुरू कर दी। हालांकि यह प्रयास भी विफल साबित हुआ।
पुलिस की सभी तैयारियों का धता बताते हुए पशु तस्कर फरार होने में सफल रहे। अकबरपुर व सम्मनपुर पुलिस को भी जानकारी दी गई। दोनों थानों की पुलिस ने घेराबंदी किया, लेकिन पशु तस्कर उनके हत्थे नहीं चढ़ सके।
एसओ हंसवर ध्रुवचंद्र मौर्य ने ऐसी कोई घटना होने से इंकार किया है। कहा कि उनके थाना क्षेत्र में ऐसी कोई घटना नहीं हुई है। उनसे जब कहा गया कि थाने का बैरियर तोड़ने की फोटो भी है तो वे इस पर चुप लगा गए।