अंबेडकरनगर। अहिरौली थाना क्षेत्र के जिवधरपुर छितूनी गांव में शनिवार दोपहर रंगदारी न देने पर बाइक सवार हमलावरों ने विद्युतीकरण का काम करा रही एक निजी संस्था इलेक्ट्रिकल्स कंपनी के सुपरवाइजर की पिटाई कर दी। घायल सुपरवाइजर को सहकर्मियों ने उपचार के लिए कटेहरी सीएचसी पहुंचाया। सूचना पर अहिरौली पुलिस मौके पर पहुंची और घायल का बयान दर्ज किया। सुपरवाइजर ने संस्था के अधिकारियों के साथ अहिरौली थाने पहुंचकर घटना की लिखित तहरीर दी। आरोप लगाया कि कुछ लोग उसे पिछले कई दिनों से धमका रहे थे कि या तो कंपनी में काम दिलवाओ, या तो रंगदारी दो। उसके द्वारा असमर्थता जताए जाने पर संबंधित लोगों ने उसके ऊपर जानलेवा हमला कर पिटाई की।
जिले में विद्युतीकरण का कार्य एक निजी संस्था इलेक्ट्रिक्ल्स कंपनी करा रही है। अहिरौली थाना क्षेत्र के जिवधरपुर छितूनी गांव में इसी कंपनी से जुड़े सुपरवाइजर रामधीरज सिंह शनिवार को पोल लगवा रहे थे। बताया जाता है कि अपराह्न करीब वह जिवधरपुर छितूनी प्राथमिक विद्यालय के निकट पोल लगवाकर बाइक से वापस कटेहरी लौट रहे थे। स्कूल से महज 500 मीटर दूर आए थे। इसी बीच दो बाइक से सवार 4 लोग पहुंचे। उन्हें बाइक से धक्का देकर नीचे गिरा दिया और डंडे से पिटाई शुरू कर दी।
पीछे बाइक से आ रहे सहकर्मी जब तक मौके पर पहुंचते तब तक हमलावरों ने उन्हें पीटकर लहूलुहान कर दिया, और मौके से फरार हो गए। भागते समय हमलावरों ने धमकी दी कि यदि मामले की कहीं शिकायत की तो दोबारा अंजाम भुगतने के लिए तैयार रहना। मौके पर पहुंचे सहकर्मियों ने उन्हें कटेहरी सीएचसी पहुंचाया। डंडे से हुई पिटाई में उनके सिर में भी चोटें आ गई।
सूचना पर अहिरौली पुलिस मौके पर पहुंची और मेडिकल कराया। देरशाम घायल रामधीरज ने थाने पहुंचकर पुलिस को घटना की तहरीर दी। बताया कि पिछले कई दिनों से कुछ लोग उसे कंपनी में काम दिलवाने या फिर रंगदारी देने के लिए धमका रहे थे। उसने ऐसा कुछ कर पाने में असमर्थता जतायी तो उसके ऊपर जानलेवा हमला कर दिया गया। एसओ संजय सिंह ने बताया कि मामले में अभी तहरीर नहीं मिली है। घायल ने मौखिक रूप से अपने ऊपर हमला होने की जानकारी दी है। पुलिस मामले में छानबीन कर रही है। तहरीर मिलने के बाद मामले में केस भी दर्ज किया जाएगा।