अंबेडकरनगर। एसडीएम व सीओ सदर के नेतृत्व में टीम ने बुधवार को पवित्र शिवबाबा के निकट जांच के दौरान 1 लाख 10 हजार रुपये बरामद कर लिया। जरूरी कागजात न दिखा पाने के चलते संबंधित रकम को कोषागार में जमा करा दिया गया। इस बीच एक बार फिर से अधिकारियों ने कहा है कि बिना प्रमाण 50 हजार या उससे अधिक रकम लेकर चलने पर इसी तरह की कार्रवाई का सामना करना पड़ेगा।
आदर्श आचार संहिता का पालन कराने के लिए बुधवार शाम पौने छह बजे करीब एसडीएम सदर अभिषेक पाठक व सीओ सिटी धर्मेंद्र सचान ने उडन दस्ते की टीम के साथ अयोध्या मार्ग पर पवित्र शिवबाबा के पास चेकिंग अभियान चला रखा था। इसी बीच कटेहरी की तरफ से आ रही एक कार को रुकवाकर तलाशी ली गई, तो उसमें 1 लाख 10 हजार नगद मिला। अधिकारियों ने रकम लेकर चल रहे बैरमपुर अकबरपुर निवासी पवन कुमार से पूछताछ की, तो उन्होंने बताया कि विवाह खर्च के लिए उन्होंने खाते से यह रकम निकाली है।
अधिकारियों के कहने पर मौके पर कोई प्रमाणपत्र नहीं दिया जा सका। इस पर टीम ने रकम को जब्त करते हुए कोषागार में जमा करा दिया। पवन से कहा गया कि वे गुरुवार को जरूरी प्रमाण लेकर पहुंचे। नियमानुसार छानबीन के बाद उचित निर्णय लिया जाएगा। इस बीच एसडीएम ने कहा है कि कोई भी व्यक्ति बगैर प्रमाण 50 हजार या उससे ऊपर की रकम लेकर न चले। ऐसा करने पर नियम के अनुसार कार्रवाई का सामना करना पड़ेगा।