आलापुर (अंबेडकरनगर)। गोहनारपुर गांव में जबरन मार्ग बंद करने का विवाद सोमवार को उस समय एक नया मोड़ ले लिया, जब विपक्षी ने उस रास्ते से एक युवक के पिता का शव ले जाने से रोक दिया। विपक्षी के इस कृत्य से नाराज बेटे ने शव का अंतिम संस्कार करने से मना कर दिया और बंद रास्ता खुलवाने पर अड़ गया। कहा कि जब तक उसका अवरुद्ध मार्ग नहीं खुल जाता, तब तक वह शव को अंतिम संस्कार नहीं करेगा।
यह सूचना तहसील व पुलिस प्रशासन तक पहुंची तो हड़कंप मच गया। मामला गोहनारपुर गांव निवासी जयराम से जुड़ा है। जयराम के मुताबिक उसके आवागमन के मार्ग पर गांव के कुछ लोगों ने कब्जा कर लिया है और मार्ग को अवरुद्ध कर दिया है।
इससे उसे आवागमन में खासी दिक्कत हो रही है। मार्ग खुलवाने के लिए वह तहसील व पुलिस का चक्कर काट रहा है, लेकिन उसकी कहीं कोई सुनवाई नहीं हो रही है। उसने आरोप लगाया कि शव लेकर जाने में भी उक्त लोग व्यवधान डाल रहे हैं। इससे वह काफी आहत है। इसकी जानकारी होने पर एसडीएम के निर्देश पर राजस्व टीम गांव पहुंची और उसे समझाया। बाद में शव का अंतिम संस्कार किया गया।