अंबेडकरनगर। लोकसभा चुनाव में आदर्श आचार संहिता लगते ही प्रशासन की टीम ने अपने लक्ष्य तय कर लिए हैं। सभी पांच विधानसभा क्षेत्रों में टीमों का गठन कर लिया गया है। आचार संहिता लागू होते ही विभिन्न राजनीतिक दलों की होर्डिंग तथा पोस्टर-बैनर के साथ ही सरकारी योजनाओं से जुड़ी वह होर्डिंग भी हटाई जाएंगी, जिनमें किसी की भी फोटो लगी होगी।
लोकसभा चुनाव की उल्टी गिनती शुरू हो चली है। इसे देखते हुए प्रशासन की तैयारियां भी गति पकड़ रही हैं। मतदान से लेकर ईवीएम, परिवहन आदि व्यवस्थाओं को लेकर टीमों का गठन पहले ही हो चुका है। आदर्श आचार संहिता का पालन कराने के लिए भी टीमों के गठन का कार्य कर लिया गया है।
तैयारी यह है कि आदर्श आचार संहिता लगते ही टीमें सक्रिय हो जाएं। जिला निर्वाचन अधिकारी सुरेश कुमार ने इन टीमों के साथ दो चक्र की बैठक पूरी कर ली है। इसमें तय हुआ है कि आदर्श आचार संहिता लगने पर सभी राजनीतिक दलों की प्रचार सामग्रियों को अभियान चलाकर प्राथमिकता के साथ हटाया जाएगा। इसमें सरकारी योजनाओं के प्रचार प्रसार से जुड़ी वे होर्डिंग भी हटाई जाएंगी, जो निर्वाचन आयोग के माप दंडों के अनुरूप नहीं होंगी।
माना जा रहा है कि कार्रवाई की जद में वे सभी होर्डिंग, पोस्टर तथा पंफलेट आ सकते हैं, जिनमें केंद्र व प्रदेश सरकार के मंत्रियों तथा पीएम व सीएम की फोटो लगी होगी।
तय हुआ है कि आदर्श आचार संहिता किसी भी समय लागू हो सकती है। ऐसे में सभी पांच विधानसभा क्षेत्रों में टीमें सक्रिय हो जाएं। इन टीमों की बैठक डीएम ने एक दिन पहले की, जिसमें कहा गया कि आचार संहिता का पालन कराने में किसी भी तरह की लापरवाही व शिथिलता न बरती जाए।
आयोग के निर्देशों का होगा पालन
आदर्श आचार संहिता का पालन कराने में आयोग के सभी निर्देशों का ध्यान रखा जाएगा। सभी टीमों को कहा दिया गया है कि वे आयोग के निर्देशों को अक्षरश: पढ़कर इसके अनुरूप आदर्श आचार संहिता का पालन कराएं। -सुरेश कुमार, डीएम