समझौता कराने गई पुलिस टीम पर हमला, सिपाही का तोड़ा हाथ
आलापुर (अंबेडकरनगर)। शराब के ठेके के पास अंडे की दुकान पर हो रही मारपीट के दौरान हमलावरों ने पुलिस टीम पर हमला बोल दिया। एक हमलावर ने डंडे से सिपाही के दाहिने हाथ पर वार किया जिसमें उसका हाथ टूट गया। घायल सिपाही को बसखारी सीएचसी में भर्ती कराया गया है। वह ठेके के पास अंडे की दुकान पर पूछताछ कर रहे थे तभी कुछ लोगों ने ठेला मालिक पर हमला बोल दिया। इस पर जब पुलिस ने बल प्रयोग किया, तो हमलावर भाग खड़े हुए। दरअसल, शराब के ठेके पर मारपीट की सूचना पर डायल 100 टीम वहां पहुंची थी।
रविवार अपराह्न डायल 100 सेवा को एक व्यक्ति ने जानकारी दी कि कुछ लोग न्यौरी बाजार के पास स्थित शराब के ठेेके पर कुछ लोग मारपीट कर रहे हैं। इस पर डायल 100 सेवा के वाहन संख्या 1669 से सिपाही मौके पर पहुंचे। उस समय वहां सब कुछ सामान्य था। सिपाही शराब सेल्समैन से जानकारी हासिल कर रहे थे कि इसी बीच सूचना देने वाला व्यक्ति कई लोगों के साथ दुकान के पास पहुंचा और वहां खड़े अंडे के ठेले पर न सिर्फ तोड़फोड़ शुरू कर दिया, बल्कि ठेला मालिक की पिटाई भी कर दी। वहां मौजूद डायल 100 सेवा के सिपाहियों ने हमलावर हुए लोगों को समझाना बुझाना चाहा, तो आरोप है कि नशे में धुत हमलावर पुलिस टीम से ही भिड़ गए।
इसी बीच किसी ने डंडे से सिपाही संजीव सिंह पर प्रहार कर दिया, जिससे उसके दाहिने हाथ में फ्रैक्चर हो गया। इससे पुलिसकर्मियों ने हमलावरों को दौड़ा लिया। बताया जाता है कि दो हमलावरों को पुलिसकर्मियों ने पकड़ लिया और आलापुर थाने ले आई। पुलिस ने घायल सिपाही को इलाज के लिए सीएचसी बसखारी में भर्ती कराया। उसके एक हाथ में प्लास्टर लगवाना पड़ा है।
एसओ आलापुर एसएन शर्मा ने बताया कि घटनास्थल बसखारी थाना क्षेत्र में आता है। इसलिए केस भी बसखारी थाने में दर्ज कराया जाएगा। कुछ लोग शराब ठेके के बाहर हंगामा कर रहे थे। इसी दौरान बीच बचाव में घटना हो गई। पता लगाया जा रहा है कि इस दौरान हाथापाई में सिपाही का हाथ टूटा या फिर आपाधापी के दौरान गिर जाने से उसके हाथ में चोट आई। बसखारी थानाध्यक्ष ने बताया कि उन्हें कोई तहरीर नहीं मिली है।