अंबेडकरनगर। जिले में 43वें एसपी के तौर पर शालिनी ने शुक्रवार देर शाम अपने जन्म दिन के मौके पर कार्यभार ग्रहण कर लिया। वे इससे पहले मिर्जापुर में तैनात थीं। यहां तैनात रहे एसपी विपिन कुमार मिश्र को मिर्जापुर का एसपी बीते दिनों बना दिया गया था, जबकि शालिनी को यहां का एसपी बनाया गया। वे शुक्रवार देर शाम अंबेडकरनगर पहुंचीं। यहां एएसपी अशोक कुमार राय समेत विभिन्न सीओ ने उनका स्वागत किया। एसपी ने सभी से परिचय प्राप्त कर जरूरी फीडबैक भी दिया। इसके बाद उन्होंने विधिवत कार्यभार ग्रहण कर लिया। दिल्ली की रहने वाली शालिनी 2011 बैच की आईपीएस अधिकारी हैं। वे मेरठ में पुलिस अधीक्षक विजिलेंस तथा बांदा में पुलिस अधीक्षक के पद पर भी रही हैं। मिर्जापुर में वे कानून व्यवस्था को लेकर सख्ती बरतने के तौर पर चर्चित रही हैं। 30 नवंबर 1984 को जन्मी शालिनी एमए, बीएड व एमफिल की डिग्री भी हासिल कर चुकी हैं। वे महिलाओं की सुरक्षा को लेकर खास तौर पर ध्यान देने वाली पुलिस अधिकारी के तौर पर जानी जाती हैं।
पुलिस अधीक्षक शालिनी ने अधीनस्थ पुलिस अधिकारियों से कहा कि वे कानून व्यवस्था के मामले में अपनी जिम्मेदारियों का पूर्ण निर्वहन हर प्रकार से सुनिश्चित करें। इसमें किसी प्रकार की कोई कठिनाई आती है तो सबसे आगे वे खड़ी नजर आएंगी। बिना किसी पक्षपात के सभी मामलों में नियमानुसार कार्रवाई तय करने पर जोर देते हुए कहा कि महिलाओं, छात्राओं, व्यापारियों व युवाओं को लेकर खास चौकसी बरती जाए। इससे पहले जन्म दिन के मौके पर कार्यभार ग्रहण करने को लेकर पुलिस अधिकारियों ने नवागत एसपी को बधाई दी। केक काटकर अधिकारियों व कर्मचारियों ने जन्म दिन की खुशी मनाई।