अंबेडकरनगर। एसबीआई मुख्य शाखा से एक लाख रुपये निकालकर घर जा रहे जीजीआईसी के चालक से शुक्रवार को दिनदहाड़े सशस्त्र बाइक सवार बदमाशों ने 50 हजार रुपये लूट लिए। इसके बाद भाग खड़े हुए। गुहार पर कुछ लोगों ने बाइक सवार बदमाशों को पकड़ने के लिए दौड़ाया, लेकिन सफलता नहीं मिली। भीड़भाड़ वाले क्षेत्र में दिनदहाड़े हुए लूट की घटना से क्षेत्र में हड़कंप मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का जायजा लेने के साथ ही पीड़ित से आवश्यक पूछताछ की। बाद में पीड़ित ने केस दर्ज करने के लिए कोतवाली में तहरीर दी।
अकबरपुर कोतवाली अंतर्गत मुरादाबाद मोहल्ला निवासी राधेश्याम पुत्र लालता प्रसाद शुक्रवार अपराह्न लगभग तीन बजे स्टेट बैंक ऑफ इंडिया की मुख्य शाखा पहुंचा। यहां से उसने एक लाख रुपये निकाले। पैंट की दोनों जेबों में 50-50 हजार रुपये रखकर वह पैदल ही कुछ दूरी पर स्थित घर जाने लगा। बताया जाता है कि जैसे ही बैंक से कुछ आगे बढ़ा, तो इसी बीच एक बाइक पर सवार तीन बदमाश उसके पास पहुंच गए और रोक लिया। इससे पहले कि राधेश्याम कुछ समझ पाता बाइक पर पीछे बैठे बदमाश ने उसकी एक जेब में रखा 50 हजार रुपये निकाल लिया। राधेश्याम ने गुहार मचाने का प्रयास किया, तो बदमाशों ने जान से मारने की धमकी देते हुए पुराने तहसील तिराहा की तरफ भाग खड़े हुए।
दिनदहाड़े हुई घटना से मौके पर हड़कंप मच गया। पीड़ित की गुहार पर वहां मौजूद लोगों ने बदमाशों को पकड़ने के लिए पीछा किया, लेकिन सफलता नहीं मिली। इस बीच सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची। घटनास्थल का जायजा लेने के साथ ही पीड़ित से आवश्यक जानकारी प्राप्त की। बाद में पीड़ित ने केस दर्ज करने के लिए थाने में तहरीर दी। कोतवाली प्रभारी एनएन शर्मा ने बताया कि तहरीर मिली है। छानबीन की जा रही है। सीसीटीवी फुटेज देखा गया। इसमें एक बाइक पर सवार तीन युवक दिखाई दे रहे हैं। पीड़ित ने उनकी पहचान भी कर ली है। इस आधार पर बदमाशों की तलाश की जा रही है।