अंबेडकरनगर। वाराणसी से गोंडा जा रही मालगाड़ी ट्रेन के अकबरपुर रेलवे स्टेशन पहुंचने पर गार्ड समेत दो बोगी की कपलिंग टूट गई। गार्ड की सूचना पर ट्रेन कुछ दूर आगे जाकर रुकी। लगभग 15 मिनट बाद गार्ड को लेकर ट्रेन रवाना हुई। गार्ड बोगी के साथ ही एक अन्य बोगी अभी भी अकबरपुर रेलवे स्टेशन पर खड़ी है।
सोमवार दोपहर 12 बजकर 10 मिनट पर वाराणसी से गोंडा जा रही मालगाड़ी बीच वाले ट्रैक पर अकबरपुर रेलवे स्टेशन पहुंची। ट्रेन अकबरपुर रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म एक के निकट पहुंची, तभी तेज आवाज के साथ गार्ड व उसके साथ की बोगी की कपलिंग टूट गई। इससे दोनों डिब्बे ट्रेन से अलग हो गए। कपलिंग टूटने की जानकारी न होने से चालक धीमी गति से ट्रेन आगे लेकर बढ़ गया। यह संयोग ही रहा कि ट्रेन की गति अधिक नहीं थी, इससे अप्रिय घटना नहीं हुई। इस बीच ट्रेन से डिब्बा अलग होने की जानकारी होते ही गार्ड भगत सिंह ने फोन के माध्यम से जानकारी चालक अजय कुमार को दी। जानकारी होते ही चालक ने अकबरपुर कटेहरी रेलवे मार्ग के आउटर पर ट्रेन रोक दी। गार्ड बोगी के साथ ही दूसरी बोगी कुछ दूर चलकर रुक गई। गार्ड को बाइक से ट्रेन तक पहुंचाया गया, जहां गार्ड चालक की केबिन में बैठ गया। लगभग 15 मिनट बाद ट्रेन आगे की तरफ रवाना हो सकी। यह संयोग ही था कि इस बीच कोई भी ट्रेन उधर से नहीं गुजरी। अकबरपुर स्टेशन अधीक्षक जियालाल ने बताया कि गार्ड व एक बोगी की कपलिंग टूटी थी। गार्ड को चालक के केबिन में बैठाकर ट्रेन रवाना किया गया। गार्ड व एक अन्य बोगी अकबरपुर रेलवे स्टेशन पर खड़ी है। इसकी जानकारी उच्चाधिकारियों को दे दी गई है। बताया कि दोनों डिब्बों के बीच के ट्रैक पर खड़ा होने से अन्य ट्रेनों के आवागमन पर किसी प्रकार का कोई प्रभाव नहीं पड़ा।