हजपुरा (अंबेडकरनगर)। सम्मनपुर थाना क्षेत्र के लोहरा अमरतल गांव से दिनदहाड़े बालक का अपहरण कर एक बदमाश उसे बाइक से लेकर भागने लगा। बालक के शोर मचाने पर ग्रामीणों ने घेराबंदी कर बदमाश को पकड़ लिया और पिटाई कर दी। इस बीच पहुंची पुलिस ने आरोपी को अभिरक्षा में ले लिया और थाने लेकर चली गई। बालक के पिता ने केस दर्ज करने के लिए तहरीर दी। पुलिस ने छानबीन शुरू कर दी है।
मंगलवार शाम बाइक से एक युवक सम्मनपुर थाना अंतर्गत लोहरा अमरतल गांव पहुंचा। यहां वह रामलौटन राजभर की किराना की दुकान से पान मसाला खरीदकर खाने लगा। बाहर खेल रहे रामलौटन के 9 वर्षीय पौत्र आदित्य से उसने पिता के बारे में पूछताछ की।
इसके बाद रामलौटन ने आदित्य से कहा कि इन्हें ले जाकर अपने पिता से मिला दो। युवक आदित्य को बाइक पर बैठाकर उसके बताए रास्ते की तरफ जाने लगा। महियापार गांव के निकट आदित्य ने बताया कि उसके पिता यहीं खेत में काम कर रहे हैं। चलो उनसे मिल लो।
आदित्य के कहने के बावजूद युवक ने बाइक नहीं रोकी। जब आदित्य ने उससे बाइक रोकने के लिए कहा, तो उसने गति और बढ़ा दी। इस्माइलपुर गांव के निकट पहुंचने पर आदित्य ने शोर मचा दिया। इस पर ग्रामीणों ने घेराबंदी कर बदमाश को पकड़ लिया और पिटाई शुरू कर दी।
इसी बीच पहुंची पुलिस ने बदमाश को ग्रामीणों से छुड़ाकर अभिरक्षा में ले लिया और थाने लेकर चली गई। बाद में बालक के पिता रामकृष्ण ने थाने पहुंचकर केस दर्ज करने के लिए तहरीर दी। एसओ महेंद्र सिंह ने बताया कि पकड़े गए बदमाश की पहचान रामआसरे यादव निवासी जौनपुर के रूप में हुई है। तहरीर मिली है। छानबीन की जा रही है।