फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

व्यापारी हत्याकांड में गिरी गाज, थानेदार समेत चार पुलिसकर्मी लाइनहाजिर

विज्ञापन
विज्ञापन
राजेसुल्तानपुर (अंबेडकरनगर)। किराना व्यवसायी राकेश जायसवाल हत्याकांड में पुलिस अधीक्षक संतोष कुमार मिश्र ने सख्त कदम उठाए हैं। एसपी ने बुधवार को पीड़ित परिवार की पिटाई व ड्यूटी में लापरवाही बरतने के आरोप में थाना प्रभारी जहांगीरगंज समेत चार पुलिसकर्मियों को लाइन हाजिर कर दिया। यही नहीं हत्या के बाद पदुमपुर बाजार में मार्ग जाम कर पुलिस पर पथराव करने व सीओ समेत चार पुलिसकर्मियों को पिटाई के मामले में पुलिस ने 33 नामजद व 80 अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज किया है। वहीं, व्यवसायी की हत्या से आक्रोशित व्यापारियों ने दूसरे दिन पदुम बाजार बंद रखा। व्यापारी हत्याकांड के खुलासे और दोषियों की गिरफ्तारी की मांग कर रहे थे।
विज्ञापन

बीते सोमवार रात पदुमपुर निवासी किराना व्यवसायी राकेश जायसवाल की उस समय गोली मारकर हत्या कर दी गई थी, जब वह किसी कार्यक्रम में भाग लेकर वापस घर लौटे थे। घटना के विरोध में मंगलवार सुबह परिवारीजनों के साथ आक्रोशित बाजारवासियों ने दुकानें बंद कर पदुमपुर चौराहे पर जाम लगाकर जाम प्रदर्शन कर रहे थे। तभी नाराज लोगों ने विरोध शांत कराने आए सीओ आलापुर केके मिश्र समेत चार पुलिसकर्मियों की जमकर लाठी-डंडे से पिटाई कर दी जिसमें सीओ आलापुर का सिर फटा और हाथ में फ्रैक्चर हो गया था। बाद में आलापुर विधायक अनीता कमल के हस्तक्षेप पर मामला शांत हुआ। अपराह्न पोस्टमार्टम कराने के बाद शव का अंतिम संस्कार कर दिया गया था। पूरे मामले को एसपी ने गंभीरता से लेते हुए अपने स्तर पर छानबीन कराई। शांतिपूर्ण ढंग से चल रहे प्रदर्शन को जानबूझ कर अनावश्यक तौर पर लोगों की पिटाई करने तथा पीड़ित परिवार की महिलाओं को भी निशाना बनाने के मामले के एसपी ने सख्त कदम उठाते हुए जहांगीरगंज थानाध्यक्ष संतोष कुमार विसेन, हेडकांस्टेबल छोटेलाल व कांस्टेबल इरफान अहमद व बीट सिपाही राजेश सिंह को ड्यूटी में लापरवाही बरतने के आरोप लाइन हाजिर कर दिया। यही नहीं एसपी ने राजेसुल्तानपुर थाने के दरोगा रामजीत बिंद की तहरीर पर 33 नामजद व 80 अज्ञात लोगों के विरुद्ध पुलिस पर हमले, तोड़फोड़ व मार्ग जाम समेत विभिन्न धाराओं में केस दर्ज कराया। वहीं, व्यवसायी की हत्या में पुलिस के रवैये से नाराज व्यापारी आरपार की लड़ाई लड़ने के मूड में हैं। आक्रोशित व्यापारियों ने दूसरे दिन भी पूरी तरह पदुम बाजार बंद रखा। व्यापारी हत्याकांड के खुलासे और दोषियों की गिरफ्तारी की मांग कर रहे थे।

भुवनेश बने जहांगीरगंज के एसओ
पुलिस अधीक्षक ने जहांगीरगंज थानाध्यक्ष संतोष कुमार विसेन को लाइन हाजिर करने के कुछ ही घंटों में टांडा कोतवाली में तैनात उपनिरीक्षक भुवनेश दत्त तिवारी को एसओ बनाया है। भुवनेश ने चार्ज संभाल लिया है।
विज्ञापन


आधे घंटे में आमद न हुई, तो होगा थानेदार का निलंबन
बुधवार दोपहर करीब वायरलेस सेट पर जहांगीरगंज थाना प्रभारी को लेकर वायलेस सेट पर एक आवाज गूंजते ही पुलिस महकमा सन्न रह गया। दरअसल, सेट पर कहा गया कि जहांगीरगंज थाना प्रभारी को पुलिस लाइंस में आमद कराने का जो आदेश दिया गया है, उसका अनुपालन तय करते हुए आधे घंटे के भीतर पुलिस लाइंस में आमद हो जाए। इसके साथ ही तुरंत जहांगीरगंज थाने से रवानगी रपट संख्या बताई जाए। दोनों आदेश का पालन न हुआ, तो लाइन हाजिर की बजाए उन्हें आधे घंटे बाद निलंबित कर दिया जाएगा। सेट पर यह आदेश गूंजा, तो पूरे जिले के पुलिसकर्मियों ने इसे सुना। सभी पुलिसकर्मी इससे सकते में रहे। दरअसल माना जा रहा था कि थाना प्रभारी के पक्ष में कई तरह के दबाव सामने आ सकते हैं, जिससे कानून व्यवस्था की स्थिति प्रभावित हो सकती है। आदेश का पालन करते हुए बाद में जहांगीरगंज थाना प्रभारी ने पुलिस लाइंस में आमद करा ली।

पीड़ित परिवार को ढांढस बंधाने पहुंचे कई लोग
व्यवसायी राकेश की हत्या के बाद पीड़ित परिवार को ढांढस बंधाने जिले के राजनैतिक दलों के नेता, व्यवसायी और संभ्रात लोग उनके घर पहुंचे और उन्हें सांत्वना दिया। घर पहुंचने वालों में पूर्व विधायक त्रिवेणीराम, वरिष्ठ भाजपा नेता यमुना प्रसाद चतुर्वेदी के अलावा भाजपा नेता धर्मवीर मिश्र, दिनेश पांडेय, कृष्ण भगवान मिश्र, डॉ. संजय सिंह आदि शामिल रहे। रामनगर ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि बलिराम, सपा विधानसभा क्षेत्र अध्यक्ष अश्विनी यादव, रवींद्र यादव, मो. आसिफ ने भी घर पहुंचकर पीड़ित परिवार से मुलाकात की। उन्हें सभी प्रकार की सहायता दिए जाने का आश्वासन दिया।

केस वापस न लिया तो होगा आंदोलन
बुधवार को मृतक के परिवारीजनों से मिलने पहुंचे उद्योग व्यापार मंडल महामंत्री अनिल अग्रवाल ने घटना की निंदा करते हुए कहा कि घटना से व्यापारी खुद को असुरक्षित महसूस कर रहे हैं। कहा कि यदि एक सप्ताह में बदमाशों की गिरफ्तारी सुनिश्चित न हुई और थाने में दर्ज व्यवसाइयों के विरुद्ध केस वापस नहीं लिया गया, तो जिला बंद कर बड़ा आंदोलन छेड़ा जाएगा। व्यापारियों ने कहा कि पुलिसकर्मियों को लाइन हाजिर किया जाना पर्याप्त नहीं है। उनका निलंबन किया जाए। इस दौरान अशोक जायसवाल, बाबा रामबचन यादव, डॉ. आनंद बहल, अनुज अग्रवाल, त्रिलोक सरदार, भगवती प्रसाद व संजय जायसवाल मौजूद रहे।

मिला सुराग, जल्द पकड़े जाएंगे हत्यारे
दोबारा ऐसी कोई घटना न हो, इसलिए कड़ा संदेश देने के मद्देनजर न सिर्फ थाना प्रभारी वरन डायल 100 व बीट सिपाही को भी लाइन हाजिर किया गया है। कानून व्यवस्था निर्वहन में प्रत्येक पुलिसकर्मी की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण होती है, यह सभी को ध्यान में रखना होगा। पुलिस पर हमला करने के मामले में भी केस दर्ज करा दिया गया है। अब उनका पूरा फोकस व्यापारी की हत्या मामले में हत्यारों की गिरफ्तारी पर है। घटना वाली रात ही हत्यारों को लेकर कुछ महत्वपूर्ण जानकारी हाथ में आई है। उस पर काम कराया जा रहा है। पुलिस प्रशासन की पूरी सहानुभूति व सहयोग व्यापारी के परिवारीजनों के साथ है। - संतोष कुमार मिश्र, पुलिस अधीक्षक
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें