टांडा (अंबेडकरनगर)। छोटे भाई की पत्नी से अवैध संबंध बनाने के चलते क्षेत्र के एक गांव निवासी राजबहादुर की पेड़ से बांधकर लाठी डंडे व बैट से पीट-पीटकर हत्या की गई थी। यह खुलासा बुधवार को कोतवाली पुलिस ने किया। बताया कि आरोपी पति-पत्नी को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है, जबकि फरार चल रहे एक आरोपी की तलाश की जा रही है।
बुधवार को कोतवाली प्रभारी राजेश यादव ने बताया कि अवैध संबंध बनाने को लेकर राजबहादुर की हत्या की गई थी। बताया कि पकड़े गए तेज बहादुर ने पूछताछ में बताया कि राजबहादुर उसकी पत्नी के साथ दो बार अवैध संबंध बना चुका था। गत सोमवार को एक बार फिर जब उसके भाई ने पत्नी के साथ अवैध संबंध बनाने की कोशिश की, तो पत्नी ने पूरे मामले की जानकारी उसे दी। इस पर पति-पत्नी व उसके पुत्र ने मिलकर राजबहादुर को पेड़ से बांध दिया। लाठी-डंडे व बैट से उसकी तब तक पिटाई करते रहे, जब तक कि उसने दम नहीं तोड़ दिया। इसके बाद शव को कमरे में ले जाकर छिपा दिया। इससे पहले कि शव को ठिकाने लगाया जाता, मामले की जानकारी पुलिस को हो गई। एसओ ने बताया कि पति-पत्नी की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त लाठी-डंडा व बैट भी बरामद कर लिया गया है। दोनों को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है। जबकि तीसरे आरोपी की तलाश की जा रही है।