फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

पुलिस अभिरक्षा से फरार हुआ चोर, मुंशी समेत एसओ लाइनहाजिर

विज्ञापन
विज्ञापन
बसखारी (अंबेडकरनगर)। बसखारी पुलिस को चकमा देकर बृहस्पतिवार भोर पुलिस अभिरक्षा से चोरी का एक आरोपी थाने से फरार हो गया। दरअसल, बुधवार रात नागरिकों ने दो युवकों को विश्व प्रसिद्ध किछौछा दरगाह शरीफ क्षेत्र की दुकानों से चोरी के आरोप में पकड़ कर पुलिस को सौंपा था। सुबह एक आरोपी के फरार होने की सूचना आग की तरह क्षेत्र में फैल गई। इससे आक्रोशित सैकड़ों नागरिक थाने पहुंच गए और घेराव कर प्रदर्शन शुरू कर दिया। प्रदर्शनकारियों ने नगर पंचायत कार्यालय के समक्ष बसखारी जलालपुर मुख्य मार्ग जाम कर पुलिस के खिलाफ जमकर बवाल किया। वह लापरवाह पुलिसकर्मियों पर कार्रवाई की मांग कर रहे थे। सूचना पर मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस अधीक्षक ने लापरवाह एसओ बसखारी व ड्यूटी पर तैनात मुंशी को लाइन हाजिर कर दिया। वहीं, पहरा ड्यूटी पर तैनात होमगार्ड के विरुद्ध भी कार्रवाई के लिए कमांडेंट को पत्र भेजा है।
विज्ञापन

जानकारी के मुताबिक, बीते बुधवार रात किछौछा दरगाह शरीफ क्षेत्र में मलंग गेट के पास स्थित एजाज की मोबाइल व कादिर के खिलौने की दुकान में चोरी हो चुकी थी। अजय गुप्त के किराने की दुकान का शटर तोड़ कर चोर वारदात को अंजाम देते इससे पूर्व लोगों ने घेराबंदी कर दो आरोपियों को पकड़ लिया और जमकर उनकी पिटाई कर दी। आरोपियों की पहचान किछौछा निवासी अशफाक व फिरोज शाह के रूप में हुई। उनके पास से कुछ नकदी भी मिली। नागरिकों ने दोनों चोरों को मौके पर पहुंची बसखारी पुलिस के हवाले कर दिया। थाने में दोनों को लिखापढ़ी कर लॉकअप में डाल दिया। इसी बीच गुुरुवार भोर दोनों आरोपियों में एक थाने में पुलिस को चकमा देकर पुलिस अभिरक्षा से फरार हो गया। यह सूचना थोड़ी देर में आग की तरह पूरे क्षेत्र में फैल गई। इससे किछौछा के आक्रोशित सैकड़ों लोग बसखारी थाने आ धमके और थाने का घेराव कर प्रदर्शन शुरू कर दिया। पुलिस कर्मियों ने आक्रोशित लोगों को समझाया कि लॉकअप तोड़ने जैसी कोई घटना नहीं हुई है। गुरुवार भोर टायलेट जाने का हवाला देकर एक आरोपी अशफाक को बाहर निकाला गया था। इसी दौरान वह चकमा देकर फरार हो गया। दूसरा आरोपी थाने में ही मौजूद है। इसके बाद भी लोगों का आक्रोश कम नहीं हुआ। आक्रोशित नागरिकों ने इसी बीच जलालपुर बसखारी मुख्य मार्ग पर किछौछा नगर पंचायत के सामने मार्ग जाम कर बवाल करने लगे। सूचना पर पुलिस अधीक्षक संतोष मिश्र ने सीओ सिटी धर्मेंद्र सचान को मौके पर भेजा। सीओ सिटी ने जांच में पुलिस की लापरवाही को सही पाया जिस पर एसपी ने लापरवाह थाना प्रभारी टीपी वर्मा व रात्रि कालीन ड्यूटी पर तैनात मुंशी प्रेम सागर को लाइन हाजिर कर दिया। वहीं, पहरा ड्यूटी पर तैनात होमगार्ड लक्ष्मी प्रसाद के विरुद्ध कार्रवाई के लिए होमगार्ड कमांडेंट को पत्र भेजा। इस बीच सीओ ने लोगों को कार्रवाई की जानकारी देकर आक्रोश शांत कराया।

थाने में अभद्रता करने पर भड़के लोग
जानकारों की मानें तो चोरों के फरार होने की जानकारी पर जब किछौछा के नागरिक बसखारी थाने पहुंचे और चोरों के बारे में जानकारी का प्रयास किया तो उनके साथ अभद्रता की गई। पुलिसकर्मियों ने समुचित जानकारी देने की बजाए वहां पहुंचे लोगों को हटने का दबाव बनाना शुुुरू कर दिया। कई लोगों ने अभद्रता का भी आरोप लगाया। इसी को लेकर लोगों का आक्रोश और भी भड़क गया। हालांकि लाइन हाजिर हुए थाना प्रभारी टीपी वर्मा के मुताबिक किसी के साथ कोई दुर्व्यवहार नहीं किया गया।
विज्ञापन


सीओ सिटी को सौंपी गई जांच
लघुशंका का बहाना बना चोरी का एक आरोपी थाने से फरार हो गया। उसकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी करायी जा रही है। दूसरे आरोपी का चालान भेजा जा रहा है। थाना प्रभारी व मुंशी को हटा दिया गया है। मामले में विस्तृत जांच के लिए सीओ सिटी को जिम्मेदारी सौंपी गई है, जो सभी तथ्यों के अनुरूप अपनी जांच रिपोर्ट देंगे। -संतोष कुमार मिश्र, पुलिस अधीक्षक
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें