पटरी टूटी, लाल झंडी से रोका साबरमती एक्सप्रेस
अंबेडकरनगर। अकबरपुर व जाफरगंज स्टेशन के बीच सिझौली के निकट रविवार सुबह रेल पटरी टूटी मिलने से रेलवे प्रशासन में हड़कंप मच गया। संयोग से उसी समय लखनऊ की तरफ से आ रही साबरमती एक्सप्रेस को कुछ दूर पहले ही लाल झण्डी देकर रोक दिया गया। करीब 15 मिनट बाद उसे धीमी गति से सुरक्षित आगे बढ़ाया गया।
इसके बाद आधा दर्जन से अधिक ट्रेनों को भी काशन देकर वहां से गुजारा गया। शाम रेल पटरी दुरुस्त करने का दावा रेल प्रशासन ने किया है। अनुमान है कि पटरी रात में किसी समय टूटी और कई ट्रेने उसी टूटी हुई पटरी से गुजर गई। हालांकि रेलवे ने इससे इन्कार किया है। रेल पटरी टूटी होने का पता रविवार सुबह उस समय चला जब रेलवे कर्मचारी बिंदेश्वरी ट्रैक का निरीक्षण करने निकला था।
अकबरपुर-जाफरगंज रेलवे स्टेशन के बीच गेट संख्या 81 सिझौली के निकट पटरी टूटी देख बिंदेश्वरी सन्न रह गया। रेल पटरी में लगभग दो इंच की दरार थी। इसी बीच लखनऊ से साबरमती एक्सप्रेस अकबरपुर स्टेशन पहुंची और दो मिनट रुकने के बाद आगे बढ़ी। टूटी रेल पटरी से ट्रेन न गुजरने पाए, इसके लिए रेलवे कर्मचारी ने लाल झण्डी दिखाकर उसे रोक दिया।
तुरंत इसकी जानकारी अकबरपुर स्टेशन मास्टर जियालाल को दी। इस जानकारी से रेलवे प्रशासन में हड़कंप मच गया। आनन-फानन में स्टेशन मास्टर कर्मचारियों के साथ मौके पर पहुंचे। कर्मचारियों ने क्षतिग्रस्त पटरी को अस्थायी तौर पर ठीक किया। इसके 15 मिनट बाद काफी धीमी गति से साबरमती एक्सप्रेस ट्रेन को शाहगंज के लिए रवाना किया गया।
इस बीच पहुंची पीडब्ल्यूआई की टीम ने क्षतिगस्त रेल पटरी को ठीक करने का कार्य प्रारंभ कर दिया। मरम्मत के दौरान उधर से गुजरने वाली मरुधर एक्सप्रेस, इंटरसिटी एक्सप्रेस समेत लगभग आधा दर्जन ट्रेनों को कॉशन के बीच गुजारा गया। माना जा रहा है कि शनिवार देर रात पिटरी क्षतिग्रस्त हुई जिससे होकर कई ट्रेनें गुजर गईं।
यह संयोग ही था कि कोई अप्रिय घटना नहीं हुई। हालांकि रेलवे प्रशासन ने रात में पटरी टूटने की बात से इन्कार करते हुए कहा कि रविवार सुबह रेल पटरी क्षतिग्रस्त हुई थी, जिसकी जानकारी समय रहते हो गई थी।
सुचारु किया गया आवागमन
क्षतिग्रस्त रेल पटरी को रविवार देर शाम तक ठीक कर लिया गया। इसके बाद आवागमन सुचारु हो गया। मरम्मत के दौरान आधा दर्जन ट्रेनों को कॉशन के बीच गुजारा गया।
-जियालाल, स्टेशन अधीक्षक अकबरपुर