राजेसुल्तानपुर थानाक्षेत्र के महारमपुर गांव निकट जहांगीरगंज रजवाहे पर बदमाशों ने असलहा तानकर एक ग्रामीण से 15 हजार रुपये लूट लिए। मंगलवार दोपहर बाद हुई इस वारदात से क्षेत्र में हड़कंप मच गया। भुक्तभोगी की सूचना पर राजेसुल्तानपुर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर छानबीन की। पुलिस के मुताबिक मामला संदिग्ध है, छानबीन जारी है।
जानकारी के अनुसार राजेसुल्तानपुर थाना क्षेत्र के चाड़ीपुर गांव निवासी रामपलट मंगलवार को पंजाब नेशनल बैंक गढ़वल से 15 हजार रुपये निकालकर घर लौट रहे थे। साइकिल से वह जहांगीरगंज रजवाहा होते हुए महारमपुर गांव के निकट पहुंचे थे। गांव के पहले ही एक बाइक से दो युवक मुंह में गमछा बांधे खड़े थे। वह जैसे ही उनके पास पहुंचे तभी एक बदमाश उनकी तरफ असलहा लेकर झपट पड़ा। असलहा तानते व शोर मचाने पर जान से मारने की धमकी देते हुए उनकी जेब में मौजूद 15 हजार रुपये की रकम निकाल ली। इसके बाद दोनों धमकी देते हुए बाइक से गढ़वल की तरफ भाग निकले।
रामपलट ने वारदात की सूचना राजेसुल्तानपुर पुलिस को दी। सूचना मिलने पर एसओ राजेश यादव पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और छानबीन की। एसओ श्री यादव ने बताया कि मामले की छानबीन की जा रही है। मामला प्रथम दृष्टया संदिग्ध लग रहा है। पीड़ित द्वारा जिस बैंक से धन निकासी की बात की जा रही है वहां से जानकारी कराई गई तो पता चला कि दो दिन के अंदर 15 हजार रुपये की कोई निकासी ही नहीं हुई है।