अंबेडकरनगर । पीएम आवास योजना में धांधली सामने आने से नाराज डीएम ने मंगलवार को ग्राम विकास अधिकारी और पूर्व प्रधान के विरुद्ध केस दर्ज करने का निर्देश दिया है। जन सुनवाई के दौरान मिली शिकायत के बाद डीएम सैमुअल पॉल एन मंगलवार को विकासखंड भीटी के ग्राम बनगांव पहुंच गए। वहां प्रधानमंत्री आवास योजना का भौतिक सत्यापन किया।
सत्यापन के दौरान रेखा पत्नी रामदीन, पतरकी पत्नी राम आसरे, अनारकली पत्नी रामकिशोर तथा लक्ष्मी पत्नी दिनेश के घर जाकर डीएम ने आवास देखा। इन सभी का घर कच्चा होने के कारण पात्र पाए गए। लाभान्वित सूची में इनका नाम भी दर्ज मिला। हालांकि इन लाभार्थियों की धनराशि उनके खाते में न जाकर अन्य के खाते में भेजा जाना पाया गया। इस पर नाराज डीएम ने ग्राम विकास अधिकारी रामप्रताप और पूर्व प्रधान घनश्याम कनौजिया के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई करने का निर्देश खंड विकास अधिकारी को दिया। इसके साथ ही थानाध्यक्ष को निर्देश दिया कि इनके खिलाफ केस दर्ज करते हुए पुलिस कस्टडी में लिया जाए।
डीएम ने निर्देश देते हुए कहा कि गांव के सभी पात्र व्यक्तियों का सत्यापन कराते हुए प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ शत-प्रतिशत दिया जाए। इसमें किसी प्रकार की लापरवाही छम्य नहीं होगी। कोई भी पात्र व्यक्ति योजना से वंचित नहीं होना चाहिए। निरीक्षण के दौरान डीसी एनआरएलएम आरबी यादव ,खंड विकास अधिकारी भीटी, थानाध्यक्ष भीटी, ग्राम प्रधान तथा ग्रामीण मौके पर उपस्थित रहे।