विद्युतनगर (अंबेडकरनगर)। नगर पालिका परिषद टांडा के सिकंदराबाद मोहल्ले में स्थित गोशाला का जिलाधिकारी के निर्देश पर शनिवार को एसडीएम न्यायिक ने निरीक्षण किया। इस दौरान गोशाला में पशु को हरा चारा न देने, साफ सफाई न किये जाने तथा ठंड से बचाव के उपाय न किए जाने पर गोशाला प्रभारी को फटकार लगाते हुए चेतावनी दी।
गोवंश की देखभाल और गोशाला की व्यवस्था जांचने के लिए उपजिलाधिकारी व प्रभारी ईओ अरविंद त्रिपाठी ने नगर पालिका के पशु आश्रय स्थल का निरीक्षण किया। इसमें एसडीएम ने गोवंश के लिए ठंड से बचाव, हरे चारे, भूसे और पानी की व्यवस्था की जांच की। गोवंश को काफी समय से हरा चारे न दिए जाने पर नाराजगी जताते हुए फटकार लगाई। एसडीएम ने पशुओं की उचित देखभाल के निर्देश दिए।
गोशाला में कुल 42 पशु मौजूद मिले। उन्होंने निर्देश दिए कि गोवंश को ठंड से बचाव के लिए पर्दे, हरा चारा, भूसा और पानी की उचित व्यवस्था कराई जाए। टिन शेड के चारों तरफ पर्दा लगाया जाए। प्रतिदिन गोवंश की साफ-सफाई की जाए। इस दौरान पशु चिकित्साधिकारी को गोवंश के स्वास्थ्य की नियमित जांच को निर्देशित किया। (संवाद)