अंबेडकरनगर। तेजी से गिरते तापमान के बीच गर्म कपड़ों की खरीदारी लोगों ने शुरू कर दी है। स्वेटर, कंबल, गर्म लेडीज सूट समेत कई अन्य प्रकार की दुकानों पर खरीदारी के लिए सुबह से ही लोगों के पहुंचने का सिलसिला शुरू हो जा रहा, जो देर शाम तक जारी रहता है। इससे गर्म कपड़ों के दुकानदारों के चेहरे खिल उठे हैं।
ठंड का दौर शुरू हो चुका है। रात के तापमान के साथ दिन के तापमान में गिरावट हो रही। ऐसे में इस बार अधिक ठंड पड़ने की संभावना को देखते हुए लोगों ने गर्म कपड़ों की खरीदारी तेज कर दी है। गर्म कपड़ों की मांग को देखते हुए संबंधित दुकानदारों ने नए स्टॉक मंगाने भी शुरू कर दिए हैं।
अकबरपुर नगर के नई सड़क पर स्थित हिमालयन वूलेन मार्केट में लगे अलग-अलग प्रकार के गर्म कपड़ों की खरीदारी के लिए प्रतिदिन लोगों की भीड़ उमड़ रही है। दुकानदार रंजीत कुमार ने बताया कि बढ़ती ठंड के साथ खरीदारी भी बढ़ रही है, ठंड बढ़ी तो बेहतर कारोबार की उम्मीद है।
नई सड़क स्थित एक शोरूम के मालिक नाजिम अली ने कहा कि जैकेट, ब्लेजर, स्वेटर व हाईनेक की मांग आने लगी है, इसे देखते हुए नया स्टॉक मंगाया है। शहजादपुर चौक क्षेत्र के दुकानदार अमित कुमार ने कहा कि जिस प्रकार अभी से ठंड पड़ने लगी है, उससे अनुमान है कि इस बार अधिक ठंड पड़ेगी। ऐसे में इस बार गर्म कपड़ों का बेहतर कारोबार होने की संभावना है। इसके अलावा जलालपुर, भीटी, कटेहरी, आलापुर, टांडा, बसखारी समेत अन्य क्षेत्रों में भी लोगों ने बढ़ चढ़कर गर्म कपड़ों की खरीदारी शुरू कर दी है।