हजपुरा (अंबेडकरनगर)। सम्मनपुर थाना क्षेत्र के कटघर मूसा गांव में मासूम भाई को बचाने के प्रयास में चचेरी बहन करंट की चपेट में आकर झुलस गई, जिससे उसकी मौत हो गई। पुलिस ने पंचनामा कर शव परिवारीजनों को सौंप दिया।
कटघर मूसा गांव निवासी रवींद्र कुमार का पुत्र रोशन (5) बुधवार शाम घर के बरामदे मेें खेल रहा था। बताया जाता है कि इसी बीच उसने घर में वायरिंग में लगे जर्जर तार को पकड़ लिया। तार कटा हुआ था, जिससे वह करंट की चपेट में आ गया। चीख पुकार सुनकर कुछ दूर बैठी उसकी चचेरी बहन ईशा (20) वहां पहुंच गई।
उसने मासूम भाई को बचाने के लिए पास रखे डंडे से तार पर वार कर भाई को अलग कर दिया। हालांकि इस बीच जर्जर तार टूट गया और उसके माथे से टकरा गया। इससे वह करंट की चपेट में आकर गंभीर रूप से झुलस गई। उसे निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। घटना से परिवारीजनों में कोहराम मच गया। एसओ सम्मनपुर सूबेदार यादव ने बताया कि परिवारीजनों ने शव का पोस्टमार्टम कराने से मना कर दिया। ऐसे में पंचनामा कर शव परिवारीजनों को सौंप दिया गया।