भीटी। मामूली बात को लेकर एक महिला की लाठी-डंडों से पिटाई कर दी गई। बीच बचाव के लिए पीड़िता के पति व बच्चों को भी पीटा गया। तीनों को सीएचसी भीटी में भर्ती कराया गया, जहां से सभी को जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। पुलिस ने मामले में चार आरोपियों के विरुद्घ मामला पंजीकृत किया है।
मामला भीटी थाना क्षेत्र अंतर्गत भीटी के मजरा बढ़ई का पूरा का है। गांव निवासिनी नीलम पत्नी मनीराम ने पुलिस को प्रार्थना पत्र देकर बताया है कि मामूली बात को लेकर जेठ रामबहादुर व जेठानी मंजू व उनके बच्चे उसकी पुत्री अर्चना को गाली गलौज कर रहे थे। उसने विरोध किया तो जेठ, जेठानी व उनके बच्चे अजय और बबीता ने लाठी-डंडे से हमला बोल दिया। जमकर पिटाई कर दी। हल्ला गुहार सुन बीच बचाव के लिए पहुंचे उसके पति को भी मारा पीटा गया। बच्चों की भी पिटाई की।
गंभीर रूप से घायल दंपती को सीएचसी भीटी ले जाया गया। जहां हालत गंभीर होने पर जिला अस्पताल रेफर कर दिया। वहां महिला की हालत गंभीर होने पर अयोध्या रेफर कर दिया। पुलिस ने महिला की तहरीर पर चारों के विरुद्ध जानलेवा हमला समेत अन्य धाराओं में केस दर्ज कर लिया है। थानाध्यक्ष संजय कुमार पांडे ने बताया कि तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर छानबीन की जा रही है। (संवाद)