अंबेडकरनगर। मतगणना के दोनों स्थल 10 मार्च को कड़े सुरक्षा घेरे में रहेंगे। यहां तीन कंपनी अर्धसैनिक बल, दो प्लाटून पीएसी, पांच सीओ, 14 एसएचओ, 250 हेड कांस्टेबल व कांस्टेबल व 50 महिला पुलिस कर्मियों की तैनाती की जाएगी। न सिर्फ मतगणना स्थल जाने वाले मार्ग पर जगह-जगह अर्धसैनिक बल व पीएसी के जवान, बल्कि मतगणना स्थल के मुख्य गेट से अंदर तक चप्पे-चप्पे पर सुरक्षा बल की तैनाती रहेगी। इस दौरान यदि किसी ने भी गड़बड़ी करने का प्रयास किया, तो उसके विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
मतदान को सकुशल निपटाने के बाद अब प्रशासन का पूरा ध्यान मतगणना को शांतिपूर्ण ढंग से निपटाने पर है। इसके लिए प्रशासन ने तैयारियां भी तेज कर दी हैं। जिले में पहली बार मतगणना दो स्थल राजकीय इंजीनियरिंग कॉलेज व राजकीय खेल स्टेडियम में होनी है। ऐसे में इन दोनों स्थलों पर मतगणना कड़े सुरक्षा घेरे में होगी। यहां न सिर्फ अर्धसैनिक बल की जगह-जगह तैनाती होगी, बल्कि पीएसी जवान भी पूरी मुस्तैदी के साथ अपनी जिम्मेदारी का निर्वहन करेंगे।
सीओ सदर अशोक सिंह ने बताया कि मतगणना को शांतिपूर्ण ढंग से निपटाने के लिए तीन कंपनी अर्धसैनिक बल, दो प्लाटून पीएसी, पांच सीओ, 14 एसएचओ, 250 हेड कांस्टेबल व कांस्टेबल, 50 महिला आरक्षियों की तैनाती की जाएगी। दोनों ही मतगणना स्थल की तरफ जाने वाले मार्ग पर जहां जगह-जगह सुरक्षाकर्मियों की तैनाती की जाएगी, वहीं मतगणना स्थल पर मुख्य गेट से लेकर अंदर चप्पे-चप्पे पर सुरक्षाकर्मी प्रत्येक आने-जाने वालों पर पैनी निगाह रखेंगे।
रहेगा रूट डायवर्जन
यातायात प्रभारी शिवदीपक सिंह ने बताया कि मतगणना के दिन सुबह 5 बजे से मतगणना समाप्त होने तक इल्तिफातगंज मार्ग से इंजीनियरिंग कॉलेज होते हुए टांडा जाने वाले मार्ग पर आवागमन पूरी तरह से प्रतिबंधित रहेगा। इंजीनियरिंग कॉलेज जाने के लिए टांडा मार्ग पर ही बैरियर लगाकर आवागमन रोका जाएगा। अधिकारियों के अलावा सिर्फ प्रत्याशी की एक गाड़ी ही अंदर जा सकती है। अभिकर्ता को यहां से इंजीनियरिंग कॉलेज पैदल जाना होगा। प्रत्याशियों को गेट नंबर दो से, जबकि आब्जर्वर व अधिकारियों को गेट नंबर एक से प्रवेश करने दिया जाएगा। इसी प्रकार मतगणना स्थल राजकीय खेल स्टेडियम के लिए बसखारी मार्ग पर ही बैरियर लगाकर आवागमन रोक दिया जाएगा। प्रत्याशियों व अभिकर्ता के वाहनों को रमाबाई राजकीय महिला पीजी कॉलेज परिसर में खड़ा किया जाएगा। वहां से सभी को पैदल ही मतगणना स्थल तक जाना होगा।
जुलूस निकालने की अनुमति नहीं
एएसपी संजय राय ने बताया कि मतगणना के बाद जीत हासिल करने वाले प्रत्याशी की ओर से किसी भी प्रकार का विजयी जुलूस निकालने पर पूरी तरह से प्रतिबंध रहेगा। न ही आतिशबाजी करने की छूट दी जाएगी। जिला मुख्यालय पर टांडा मार्ग, हवाई पट्टी के निकट, बसखारी मार्ग पर जगह-जगह सुरक्षाकर्मी तैनात रहेंगे। यदि किसी ने भी जुलूस निकालने की कोशिश की, तो उसे वहीं रोक दिया जाएगा।