अंबेडकरनगर। जिला अस्पताल में अब थर्मल स्क्रीनिंग के बजाए सीधे जांच के लिए लार का नमूना लिया जा रहा है। बुधवार को जिला अस्पताल पहुंचे 42 लोगों की लार का नमूना लेकर जांच के लिए भेजा गया।
गौरतलब है कि कोरोना संक्रमण को फैलने से रोकने के लिए जिला अस्पताल परिसर स्थित मातृ शिशु विंग में आने वाले नागरिकों की थर्मल स्क्रीनिंग की जाती थी। संदेह होने पर ही लार का नमूना लेकर जांच के लिए भेजा जाता था। बुधवार से इसमें परिवर्तन कर दिया गया। सीएमएस डा. पीएन यादव ने बताया कि अब थर्मल स्क्रीनिंग की बजाए, सीधे जांच के लिए लार का नमूना लिया जा रहा है। ऐसा कोरोना संक्रमण को फैलने से रोकने के लिए किया जा रहा है। बताया कि बुधवार को 42 नागरिक जिला अस्पताल पहुंचे थे। यहां मौजूद डॉ. योगेश वर्मा व डॉ. प्रदीप गुप्ता के नेतृत्व में स्वास्थ्य कर्मचारियों ने सभी के लार का नमूना लेकर जांच के लिए भेज दिया।
बताया कि इसके साथ ही सभी को कोरोना संक्रमण को फैलने से रोकने के प्रति जागरूक भी किया गया। कहा गया कि अत्यंत जरूरी कार्य पड़ने पर ही घर से बाहर निकलें। घर से बाहर निकलने के दौरान मास्क जरूर लगाएं। भीड़भाड़ वाले क्षेत्र में जाने से परहेज करें। सोशल डिस्टेंसिंग का पूरी तरह पालन करें। समय समय पर साबुन से हाथ धोते रहें। घर व इर्दगिर्द समुचित साफ सफाई रखें। खानपान पर विशेष ध्यान दें। ऐसे खाद्य सामग्री का सेवन करें, जिससे शरीर में प्रतिरोधक क्षमता बढ़े। ऐसी ही छोटी छोटी सावधानियां बरतकर कोरोना संक्रमण को फैलने से रोका जा सकता है।