अंबेडकरनगर। पत्रावलियों के रखरखाव में और भी सुधार किया जाए। विभिन्न कार्यों के लिए आने वालों की पहले कार्यालय के मुख्य गेट पर थर्मल स्क्रीनिंग कराई जाए। इसके बाद ही प्रवेश करने दिया जाए। यदि कोई बगैर मास्क के आता है तो उसे कतई अंदर प्रवेश न करने दिया जाए। सोशल डिस्टेंसिंग पर विशेष ध्यान दिया जाए। यह दिशा निर्देश बुधवार को एआरटीओ कार्यालय का औचक निरीक्षण करने पहुंचे जिलाधिकारी राकेश कुमार मिश्र ने दिए। कहा कि इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही कतई बर्दाश्त नहीं की जाएगी। कहा कि जो फर्नीचर व वाहन निष्प्रयोज्य हैं उनकी जल्द नीलामी कराई जाए।
बुधवार पूर्वाह्न जिलाधिकारी राकेश कुमार मिश्र अचानक एआरटीओ कार्यालय निरीक्षण के लिए पहुंच गए। उन्होंने परिवर्तन पटल, लर्निंग टेस्ट रूम, रिकार्ड रूम, स्टोर रूम समेत अन्य पटल का जायजा लिया। एआरटीओ अखिलेश द्विवेदी व आरआई बिपिन कुमार को निर्देशित करते हुए कहा कि कार्यालय के मुख्य गेट पर ही आने वालों की थर्मल स्क्रीनिंग की जाए। सैनिटाइजर मशीन रखी जाए, जिससे आने वाला अंदर प्रवेश करने से पहले खुद को सैनिटाइज करे। सिर्फ उन्हीं को अंदर प्रवेश करने दिया जाए, जिन्होंने मास्क लगा रखा हो। बगैर मास्क वालों को कतई अंदर प्रवेश न करने दिया जाए। विभिन्न पटलों पर लगने वाली लाइन के दौरान सोशल डिस्टेंसिंग पर विशेष ध्यान दिया जाए। यदि कोई इसका उल्लंघन करता है, तो उसके विरुद्ध कार्रवाई भी सुनिश्चित की जाए।
कोरोना संक्रमण को रोकने के लिए शासन द्वारा जो गाइड लाइन जारी की गई है, उसका शत-प्रतिशत पालन कराया जाए। डीएम ने पत्रावलियों के बेहतर रखरखाव पर जोर देते हुए साफ सफाई पर विशेष ध्यान दिए जाने का निर्देश दिया। कहा कि जो फर्नीचर व वाहन निष्प्रयोज्य हैं, उनकी अविलंब नीलामी कराई जाए। इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए। विभिन्न कार्यों के लिए आने वालों को किसी भी प्रकार की समस्या न हो, यह भी सुनिश्चित किया जाए। एक ही कार्य के लिए बार बार न दौड़ाया जाए।