अंबेडकरनगर। जनवरी 2024 से राष्ट्रीय राजमार्ग 135-ए के फेज तीन का निर्माण शुरू हो जाएगा। 1600 करोड़ रुपये की लागत से हाईवे के तीसरे फेज के निर्माण के लिए भूमि अधिग्रहण सर्वेक्षण का काम अंतिम दौर में है। जिले की दो तहसील के 26 गांवों से होकर गुजरने वाले लगभग 24 किमी. लंबे मार्ग के निर्माण के लिए दिसंबर माह के मध्य में टेंडर प्रक्रिया पूरी कर लेने की तैयारी है।
धार्मिक नगरी अयोध्या से मिर्जापुर को जोड़ने वाले राष्ट्रीय राजमार्ग 135-ए के तीसरे फेज के निर्माण की प्रक्रिया अब अंतिम दौर में है। बीते दिनों मार्ग के निर्माण का सर्वे पूरा होने के बाद अब भूमि अधिग्रहण सर्वेक्षण का काम भी पूरा होने वाला है। आठ नवंबर से भूमि सर्वेक्षण का काम शुरू हुआ था।
मालूम हो कि अयोध्या से मिर्जापुर तक तीन फेज में निर्माण होना है। पहला फेज मिर्जापुर से जौनपुर, दूसरा फेज जौनपुर से पूर्वांचल विश्वविद्यालय बाईपास तक जबकि तीसरे फेज का निर्माण पूर्वांचल बाईपास से अंबेडकरनगर तक होना है। तीसरे फेज का निर्माण 1600 करोड़ रुपये की राशि से होगा। जिले में यह मार्ग तहसील क्षेत्र जलालपुर व अकबरपुर के 26 गांवों से होकर गुजरेगा।
इसके लिए एनएचएआई व राजस्व विभाग की संयुक्त टीम प्रत्येक परिसंपत्ति का सर्वे कर रही है। एनएचएआई के अवर अभियंता दानिश जहीर, अनिल सिंह, सतीश सिंह के साथ राजस्व निरीक्षक अभिनव सिंह, रमाकांत वर्मा, अयोध्या तिवारी आदि ने बुधवार को अकबरपुर तहसील के नौ गांवों का सर्वेक्षण किया। शेष गांव के सर्वे का काम 23 नवंबर को पूर्ण कर लिया जाएगा।
भूमि अधिग्रहण सर्वेक्षण का काम समाप्त होने के बाद 18 दिसंबर को निर्माण के लिए टेंडर खुलेगा। ऐसे में जनवरी 2024 से तीसरे फेज का निर्माण प्रारंभ हो जाएगा।
इन गावों से होकर गुजरेगा राजमार्ग
तहसील क्षेत्र जलालपुर के 11 गांजों से होकर राष्ट्रीय राजमार्ग गुजरेगा। इसमें मंसूरपुर, हरिपालपुर, हाजीपुर, ताहापुर, रुकुनपुर, टिकमलपुर, मालीपुर, पिकरी, बैरागल, पटोहा गानेपुर व खजुरी करौंदी शामिल हैं। इसी प्रकार तहसील क्षेत्र अकबरपुर के 15 गांवों में अरिऔना, सिझौलिया, गोविंदगनेशपुर, मिर्जापुर, मिर्जापुर कोड़रा, कसेरुआ, सिझौली, लोरपुर ताजन, मुबारकपुर मरैला, सिसानी अखईपुर, कजरी नंदापुर, चंदनपुर, सैदपुर भितरी, इस्माइलपुरगंज व बलेउवा बरियारपुर शामिल हैं।
जनवरी में शुरू होगा काम
भूमि अधिग्रहण के लिए सर्वेक्षण का काम पूरा होने के बाद 18 नवंबर को टेंडर खुलेगा। इसके बाद जनवरी माह से निर्माण काम प्रारंभ हो जाएगा। - नुसरत खान, सहायक अभियंता एनएचएआई प्रयागराज