मालीपुर। लखनऊ में ट्रैफिक पुलिस के सिपाही संदीप कुमार ने दिवाली की रात पत्नी से विवाद के बाद फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। उनका शव मंगलवार को पैतृक गांव बेवाना के पक्खनपुर लाया गया। देर शाम उनका अंतिम संस्कार किया गया। संदीप 2018 बैच के सिपाही थे और लखनऊ के मटियारी में तैनात थे।
वह अपनी पत्नी प्रतिमा के साथ लखनऊ के सर्वोदयनगर स्थित घर में रहते थे। दिवाली की रात शराब पीने को लेकर उनका पत्नी से विवाद हो गया था। विवाद बढ़ने पर संदीप ने प्रतिमा को घर के पिछले कमरे में बंद कर दिया। इसके बाद वह दूसरे कमरे में गए और दुपट्टे से फंदा लगाकर जान दे दी। काफी देर तक कोई प्रतिक्रिया न मिलने पर पत्नी ने डायल-112 पर पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने प्रतिमा को बाहर निकाला। संदीप को डॉ. राम मनोहर लोहिया अस्पताल पहुंचाया गया। वहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
संदीप कुमार चार भाइयों में सबसे छोटे थे। उनके पिता रामराज खेती-किसानी करते हैं और मां पति देवी गृहिणी हैं। संदीप की शादी वर्ष 2024 में मालीपुर के बलईपुर गांव में हुई थी। उनके तीन बड़े भाई राजेश कुमार, राकेश कुमार और अखिलेश कुमार मुंबई में रोजगार करते हैं। सीओ जलालपुर अनूप सिंह ने बताया कि घटना लखनऊ में हुई थी।