अंबेडकरनगर। जहांगीरगंज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के सामने मंगलवार देर रात दो बाइकों की आमने-सामने हुई भीषण भिड़ंत में घायल एक और व्यक्ति की बुधवार को मौत हो गई। ट्राॅमा सेंटर लखनऊ में उपचार के दौरान हंसवर थाना क्षेत्र के मकरही निवासी रमेश निषाद (45) ने दम तोड़ दिया। इससे हादसे में मृतकों की संख्या चार हो गई है।
इससे पहले उनके बेटे सौरभ (20) के साथ बिशनपुर बसदहा निवासी राजकुमार (22) व संजय निषाद (25) की मौके पर ही मौत हो गई थी। हादसे में घायल दो अन्य लोगों की हालत गंभीर बनी हुई है। उधर, चार लोगों की मौत से संबंधित गांवों में मातम पसरा है।
जहांगीरगंज के लखनडीह निवासी चंदन आजाद के मुताबिक, उनके बुआ के बेटे सौरभ लखनऊ की एक निजी कंपनी में नौकरी करते थे। वह छह दिन पहले ही गांव आए थे। मंगलवार को वह अपने पिता रमेश निषाद और मामा ओमप्रकाश (36) के साथ जहांगीरगंज के बिशनपुर बसदहा गांव में रिश्तेदारी में आयोजित शादी समारोह में शामिल होने गए थे। रात करीब नौ बजे तीनों बाइक से घर लौट रहे थे। बाइक सौरभ चला रहे थे, जबकि पिता रमेश और मामा ओमप्रकाश पीछे बैठे थे।
तीनों जहांगीरगंज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के सामने पहुंचे थे, तभी सामने से आ रही तेज रफ्तार बाइक से उनकी बाइक की जोरदार टक्कर हो गई। दूसरी बाइक पर बिशनपुर बसदहा निवासी राजकुमार, संजय निषाद और ओमप्रकाश (30) सवार थे। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों बाइकों पर सवार सभी छह लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
हादसे के बाद मौके पर जुटे स्थानीय लोगों की मदद से पुलिस ने सभी घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। वहां चिकित्सकों ने राजकुमार, संजय निषाद और सौरभ को मृत घोषित कर दिया। वहीं, गंभीर रूप से घायल रमेश निषाद और दोनों ओमप्रकाश को जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया था। जिला अस्पताल में रमेश की हालत नाजुक देखते हुए उन्हें लखनऊ ट्रॉमा सेंटर भेज दिया गया था, जबकि दोनों घायलों को राजकीय मेडिकल कॉलेज सद्दरपुर रेफर किया गया था। बुधवार को उपचार के दौरान रमेश की भी मौत हो गई। दोनों ओमप्रकाश का मेडिकल कॉलेज में इलाज चल रहा है।
बेटे के बाद पति की मौत का सदमा
सौरभ की मौत के बाद परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा था। बुधवार को उनके पिता रमेश की भी मौत की खबर पहुंची तो पूरे गांव में मातम छा गया। मां विंद्रावती बेटे और पति की मौत का सदमा बर्दाश्त नहीं कर सकीं। वह बार-बार अचेत हो जा रही थीं। उनका विलाप सुनकर वहां मौजूद लोगों की आंखें भी नम हो गईं। बहन प्रीति और छोटा भाई सागर भी पिता और भाई को खोने के गम में बदहवास हैं।
15 दिन पहले ही मुंबई से गांव आए थे राजकुमार
हादसे में जान गंवाने वाले राजकुमार मुंबई में टाइल्स लगाने का काम करते थे। करीब 15 दिन पहले ही वह गांव लौटे थे। उनकी मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। पत्नी पूनम का रो-रोकर बुरा हाल है। पिता की मौत के बाद बेटी क्षमता (17), बेटे रजनीश (15) और सबसे छोटी बेटी भोली (11) के सिर से पिता का साया उठ गया। परिवार के सदस्यों को सांत्वना देने के लिए रिश्तेदारों और ग्रामीणों की भीड़ जुटी रही।
मोबाइल मैकेनिक थे संजय निषाद
विशुनपुर बसदहा निवासी सुरेंद्र के अनुसार, उनके भतीजे संजय निषाद मोबाइल मैकेनिक थे। मंगलवार रात वह राजकुमार और ओमप्रकाश के साथ बाइक से जहांगीरगंज बाजार गए थे। वहां से लौटते समय रास्ते में हादसे का शिकार हो गए। संजय की मौत से मां ऊषा देवी और पिता रामबचन निषाद का रो-रोकर बुरा हाल है। उनका बड़ा भाई बबलू (28) दिल्ली में नौकरी करता है। परिवार के लिए यह हादसा कभी न भूलने वाला दर्द दे गया।
अभी नहीं मिली तहरीर
सीओ आलापुर जितेंद्र सिंह ने बताया कि जहांगीरगंज में सड़क हादसे में घायल चौथे व्यक्ति की बुधवार को लखनऊ में उपचार के दौरान मौत हो गई है। दो अन्य घायलों का राजकीय मेडिकल कॉलेज सद्दरपुर में इलाज चल रहा है। मामले में अभी तक कोई तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
.सौरभ (फाइल फोटो)