महरुआ (अंबेडकरनगर)। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ कटेहरी विधानसभा उपचुनाव से पहले आठ सितंबर को एक बार फिर जिले में पहुंचेंगे। इस बार वे हीड़ी पकड़िया गांव पहुंचेंगे, जहां लगभग 13 अरब रुपये की विकास से योजनाओं की सौगात कटेहरी वासियों को देंगे। डीएम व अन्य अधिकारियों ने प्रस्तावित कार्यक्रम स्थल का सोमवार को जायजा लेकर तेजी से तैयारियां शुरू करा दी हैं।
कटेहरी में आगामी दिनों में होने वाले उपचुनाव की कमान सीएम योगी आदित्यनाथ ने स्वयं संभाल रखी है। अयोध्या की मिल्कीपुर सीट के अलावा कटेहरी की सीट पर जीत दर्ज कराने के लिए सीएम स्वयं लगातार दोनों क्षेत्रों का दौरा कर रहे हैं। एक माह के भीतर अब वे तीसरी बार जिले में आने जा रहे हैं। पहली बार सात अगस्त को जनपद मुख्यालय का दौरा किया था। जबकि दूसरी बार उन्होंने 17 अगस्त को कटेहरी पहुंचकर वृहद रोजगार व ऋण मेले का शुभारंभ किया था। अब सीएम योगी आठ सितंबर को कटेहरी विधानसभा क्षेत्र के भीटी ब्लॉक स्थित हीड़ी पकड़िया पहुंच रहे हैं।
यहां स्थित एक मैदान में वे 13 अरब रुपये की परियोजनाओं का लोकार्पण व शिलान्यास करेंगे। इसमें ढाई अरब रुपये की परियोजनाएं सीधे कटेहरी विधानसभा क्षेत्र से जुड़ी हैं। जबकि अन्य परियोजनाओं का लाभ जनपद के अन्य हिस्सों में रह रहे लोगों को मिलेगा। सीएम के दौरे को देखते हुए प्रशासन ने तैयारियां शुरू कर दी हैं। प्रस्तावित कार्यक्रम स्थल का डीएम अविनाश सिंह ने जायजा लिया। वॉटर प्रूफ पंडाल बनाए जाने के साथ ही बड़ी तादाद में लोगों के बैठने का प्रबंध किए जाने का निर्णय हुआ है। एडीएम डॉ. सदानंद गुप्त, एएसपी पश्चिमी विशाल पांडेय, एसडीएम सदर सौरभ शुक्ल, एसडीएम भीटी पवन जायसवाल, पीडी अनिल सिंह, डीडीओ सुनील तिवारी के अलावा अन्य अफसर भी मौजूद रहे।
भाजपा ने भी शुरू कीं तैयारियां
भाजपा जिलाध्यक्ष त्रयंबक तिवारी ने बताया कि सीएम के दौरे को लेकर तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। उनका यह दौरा भी विकास के क्षेत्र में मील का पत्थर साबित होगा। बड़े पैमाने पर सीएम के दौरे में कटेहरी व अन्य क्षेत्र के लोगों को विकास योजनाओं की सौगात मिलने जा रही हैं। भाजपा संगठन की तरफ से भी सीएम के दौरे को लेकर जरूरी तैयारियां शुरू कर दी गईं हैं।