योगी प्रशासन ने शुरू की तैयारी, अगले माह संभावित है कार्यक्रम
संवाद न्यूज एजेंसी
अंबेडकरनगर। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जिले को जल्द ही 17 अरब रुपये की परियोजनाओं की सौगात देंगे। आगामी नवंबर माह में उनका जनपद दौरा प्रस्तावित है। इसे लेकर जिले में तैयारियां शुरू हो गई हैं।
सीएम योगी आदित्यनाथ जल्द ही एक बार फिर जिले के दौरे पर आने जा रहे हैं। पिछली बार वे 20 जून को अंबेडकरनगर पहुंचे थे। तब उन्होंने यहां 12 अरब रुपये से अधिक की परियोजनाओं का लोकार्पण व शिलान्यास किया था। इसमें कई विभागों की महत्वपूर्ण योजनाएं शामिल थीं। अकबरपुर हवाईपट्टी पर सीएम ने लोकार्पण व शिलान्यास के साथ ही सभा को भी संबोधित किया था।
इसके बाद सीएम को अंंबेडकरनगर महोत्सव में बुलाए जाने की तैयारी थी। यह महोत्सव 27 से 29 सितंबर तक आयोजित हुआ था। सीएम को महोत्सव में आमंत्रित करने के लिए जिला प्रशासन ने पूरी तैयारी की थी लेकिन बात नहीं बन पाई। अब नवंबर माह में सीएम का जनपद दौरा लगभग तय माना जा रहा है। प्रशासन ने इसे देखते हुए तैयारियां शुरू कर दी हैं। आयोजन स्थल अकबरपुर हवाईपट्टी परिसर ही रहने की उम्मीद है।
जिला प्रशासन ने 17 अरब से अधिक की ऐसी परियोजनाएं चिह्नित कर ली हैं, जिनका लोकार्पण व शिलान्यास कराया जाना है। ऐसे में जल्द ही जिले को बड़े विकास कार्यों की सौगात मिल सकती है। डीएम अविनाश कुमार सिंह ने बताया कि अभी सीएम कार्यालय की तरफ से तिथि निर्धारित नहीं है लेकिन तैयारियां की जा रही हैं।