अंबेडकरनगर। खेल-खेल में गोली चलने से कसेरुआ में बालिका की मौत मामले में अकबरपुर कोतवाली पुलिस ने एक नाबालिग समेत लाइसेंस धारक के विरुद्ध केस दर्ज कर लिया है। दो आरोपियों के विरुद्ध केस दर्ज कर पुलिस छानबीन में जुट गई है।
गौरतलब है कि कसेरुआ स्थित अपने ननिहाल में रह रही 12 वर्षीय महिमा की बुधवार देर शाम खेल-खेल में गोली चलने से मौत हो गई थी। बताया जाता है कि वह पड़ोसी रामअजोर वर्मा के घर उनके बच्चों के साथ दोस्ती के चलते वहां पढ़ने गई थी। इसी बीच 13 वर्षीय एक बालक से खेल-खेल में अपने बाबा की लाइसेंसी बंदूक चल गई।
उससे निकली गोली महिमा को जा लगी। इससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज लाइसेंसी बंदूक को घटना के कुछ देर बाद ही अपनी अभिरक्षा में ले लिया था। इस बीच गुरुवार को महिमा के नाना लालचंद की तहरीर पर पुलिस ने लाइसेंस धारक रामअजोर वर्मा तथा एक नाबालिग के विरुद्ध केस दर्ज कर लिया। प्रभारी कोतवाल संतोष गौड़ ने बताया कि केस दर्ज कर विवेचना की जा रही है। (संवाद)