जलालपुर। होली खेलने को लेकर हुए विवाद में सत्तारूढ़ दल के कार्यकर्ता ही आमने-सामने आ गए। पहले भाजयुमो जिला मंत्री ने किसान मोर्चा के प्रदेश उपाध्यक्ष के भतीजे पर केस दर्ज करा दिया। इसके बाद पार्टी के कई वरिष्ठ नेता थाने पहुंचे तो काफी देर चले हाईवोल्टेज ड्रामे के बाद भाजयुमो जिला मंत्री पर भी मारपीट आदि की धाराओं में केस दर्ज कर लिया गया।
जलालपुर के गंजा मोहल्ले में सोमवार को भाजपा युवा मोर्चा के जिला मंत्री संदीप अग्रहरि व भाजपा किसान मोर्चा के प्रदेश उपाध्यक्ष रामप्रकाश यादव के भतीजे आदर्श के बीच रंग लगाने को लेकर विवाद हो गया। दोनों पक्षों में मारपीट भी हुई। इसके बाद जलालपुर पुलिस ने संदीप की तहरीर पर किसान मोर्चा के प्रदेश उपाध्यक्ष के भतीजे आदर्श के विरुद्ध विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया। परिवारीजनों को इसकी जानकारी मंगलवार को तब हुई, जब पुलिस आदर्श से पूछताछ आदि के लिए उनके घर पहुंच गई।
इसके बाद भाजपा के कई नेता व कार्यकर्ता मंगलवार को सुबह 10 बजे जलालपुर कोतवाली पहुंच गए। करीब एक बजे तक कोतवाली में हाईवोल्टेज ड्रामा चलता रहा। भाजपा नेताओं के कड़े रुख को देखते हुए जलालपुर पुलिस बैकफुट पर आई। इसके बाद आदर्श की तहरीर पर आरोपी संदीप अग्रहरि के विरुद्ध विभिन्न धाराओं में केस दर्ज किया। इस मौके पर वरिष्ठ भाजपा नेता रमाशंकर सिंह, डॉ. राजेश सिंह, संजीव कुमार मिश्र, कृष्णगोपाल कसौधन व शिवराम मिश्र आदि मौजूद रहे।