फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

पुलिस पर भड़के ग्रामीण, शव रख जाम किया हाईवे

विज्ञापन
अंबेडकरनगर के महरुआ में पुलिस की मनमानी से नाराज होकर एनएच मार्ग जाम करते ग्रामीण। - फोटो : AMBEDKAR NAGAR
विज्ञापन
महरुआ। दुकान खोलने के विवाद को लेकर देर रात कुल्हाड़ी से प्रहार कर कपड़ा दुकानदार परमेश की रामबाबा बाजार में हत्या कर दी गई। इससे क्षेत्र में सनसनी फैल गई। पुलिस की ओर से गैर इरादतन हत्या का मामला दर्ज किए जाने की खबर मिलने पर आक्रोशित ग्रामीणों ने रविवार की शाम महरुआ बाजार पहुंचकर शव के साथ नेशनल हाईवे पर जाम लगा दिया। ग्रामीणों के आक्रोश को देख एएसपी को मौके पर पहुंचना पड़ा। ग्रामीणों की मांग पर तत्काल मुकदमे में हत्या की धारा बढ़ाई गई। इसके बाद ग्रामीण शांत हुए।
विज्ञापन

विवाद की शुरुआत महरुआ थाना क्षेत्र के बरहा गांव में नवासे पर रहने वाले परमेश की ओर से रामबाबा बाजार में कपड़े की दुकान खोले जाने को लेकर हुई। बरहा में ही नवासे पर रह रहे मौसेरे भाई रामलाल ने पहले से ही नवासे में मिली अपने हिस्से की भूमि पर रामबाबा में कपड़े की दुकान खोल रखी थी। शनिवार को परमेश ने कपड़े की दुकान के शुभारंभ के साथ ही धार्मिक आयोजन किया था। इसमें आयोजित भोज जब समापन की ओर था, तभी देर रात हुए विवाद में परमेश पर कुल्हाड़ी से हमला कर दिया गया।
आरोप है कि रामलाल व उनके परिवारीजनों ने कुल्हाड़ी व लाठी-डंडे से हमला किया। इससे परमेश गंभीर रूप से घायल हो गया। जबकि उसके भाई की पत्नी सुरेखा व भतीजे सालिब को भी चोट आई। जिला अस्पताल से ट्रॉमा रेफर किए जाने के दौरान परमेश की मौत हो गई, जबकि सुरेखा व सालिब का उपचार चल रहा है। पुलिस ने परमेश के भाई अवधेश की तहरीर पर आरोपियों के विरुद्घ गैर इरादतन हत्या का केस दर्ज कर लिया।
विज्ञापन

इसी से ग्रामीणों में आक्रोश फैल गया। रविवार को अपराह्न पोस्टमार्टम के बाद शव परिवारीजनों को सौंपा गया। इसके बाद आक्रोशित ग्रामीण व परिवारीजन शव लेकर महरुआ चौराहे पर पहुंचे और उन्होंने टांडा रायबरेली नेशनल हाईवे पर जाम लगा दिया व पुलिस के विरोध में नारेबाजी करने लगे। हंगामे को देखते हुए कई थानों की फोर्स मौके पर पहुंच गई।
एसडीएम भीटी भूमिका यादव व सीओ रुक्मिणी वर्मा भी पहुंचीं। हालांकि ग्रामीणों का आक्रोश थमने का नाम नहीं ले रहा था। इसके बाद एएसपी संजय राय मौके पर पहुंचे। होली के चलते क्षेत्र में मजिस्ट्रेट बनाए गए डीएफओ भी पहुंच गए। इसके बाद एएसपी ने बताया कि धाराओं को संशोधित किया जा रहा है। बाद में हत्या की धारा लगाए जाने से संबंधित कागजात मौके पर मंगाकर ग्रामीणों को दिखाए गए। तब ग्रामीण शांत हुए। इस दौरान लगभग डेढ़ घंटे तक नेशनल हाईवे पर जाम लगा रहा।
सीओ ने खोया आपा, युवक को जड़ा थप्पड़
प्रदर्शन के दौरान मौके पर सीओ रुक्मिणी वर्मा साहस का परिचय देते हुए अपने गनर के साथ भीड़ के बीच पहुंच गईं। उस समय ग्रामीण महरुआ पुलिस के विरोध में नारेबाजी कर रहे थे। उसी समय अन्य पुलिस व अधिकारी दूसरे मार्ग की तरफ खड़े थे। सीओ भीटी अकबरपुर मार्ग से होकर भीड़ के बीच अकेले पहुंची थीं। ग्रामीणों को समझाने में सफलता न मिलने पर सीओ ने धैर्य खो दिया। उन्होंने वहां नारेबाजी कर रहे एक युवक को थप्पड़ जड़ दिया। इसका वीडियो भी वायरल हुआ। युवक को थप्पड़ जड़ते ही नागरिक और भड़क गए। उन्होंने सीओ को घेर लिया। कुछ युवक मारपीट पर उतारू हो गए और धक्का-मुक्की शुरू कर दी। इसमें सीओ गिर भी गईं। हालांकि प्रकरण में कोई केस दर्ज नहीं हुआ है। सीओ भीटी ने बताया कि मैं सबसे पहले वहां पहुंच गईं थीं। अपनी जिम्मेदारी का निर्वहन करते हुए जब मैं समझा रही थी, तभी मेरे साथ कुछ लोगों ने अभद्रता करते हुए धक्का दे दिया। इससे मैं गिर पड़ी। मेरे पैर में मोच भी आ गई। इसके बाद भी मैंने समझाने का प्रयास किया। तब भी हंगामा जारी रहने पर धैर्य का परिचय देते हुए माहौल को शांत कराने में सफलता पायी गई।
सात आरोपियों पर हत्या का केस दर्ज
कपड़ा दुकानदार परमेश के भाई अवधेश की तहरीर पर महरुआ थाने में आरोपी रामलाल साहू, चिंताराम, रामबचन, राहुल, रोहित साहू, रमाकांत व अमरावती के विरुद्ध हत्या सहित विभिन्न धाराओं में केस दर्ज हुआ है। पुलिस ने इसमें एक आरोपी अमरावती को गिरफ्तार कर लिया। जबकि अन्य आरोपी फरार हैं। एसओ महरुआ के अनुसार अमरावती को न्यायिक अभिरक्षा में जिला जेल भेज दिया गया।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें