अंबेडकरनगर। बिजली चोरी रोकने के लिए पॉवर कॉर्पोरेशन की टीम की ओर से बुधवार को जाफरगंज में चलाए गये जांच अभियान में 16 लोग बगैर कनेक्शन या फिर बाईपास से बिजली का प्रयोग करते मिले। इस पर संबंधित के विरुद्ध केस दर्ज कराया गया। इसके साथ ही घरेलू कनेक्शन पर व्यावसायिक लाभ उठा रहे आठ उपभोक्ताओं के विरुद्ध विधिक कार्रवाई की गई। साथ ही 23 लाख रुपये का बकाया बिल भी वसूल किया गया।
अधिशाषी अभियंता वीके पटेल के नेतृत्व में बुधवार को उपखंड अधिकारी सज्जाद आलम, जेई रामजनम, रामचरन, अजय वर्मा, लालचंद की टीम जाफरगंज पहुंची। टीम का मुख्य ध्यान बिजली चोरी करने वालों पर था। इसके साथ ही बड़े बकायेदारों से वसूली करने पर भी फोकस रहा। अधिशाषी अधिकारी ने बताया कि सत्येंद्र सिंह, रामफेर, जमीर अहमद, सूर्यबली, शीला, दुर्गाप्रसाद, अजय जायसवाल, तनवीर अहमद, राजकुमार, श्रवण जायसवाल, छेदीलाल, द्वारा बिना कनेक्शन के ही चोरी से बिजली का प्रयोग किया जा रहा था। इनके विरुद्ध बिजली चोरी के आरोप में केस दर्ज कराया गया। इसके अलावा आदर्श इलेक्ट्रॉनिक प्रोपराइटर दीपक कुमार, प्रकाश मेडिकल स्टोर के रमाशंकर, राधिकालाल श्रीवास्तव, मोहम्मद असलम, आदर्श जनरल स्टोर के गोलू के द्वारा केबल काटकर मीटर से पहले बाईपास द्वारा बिजली का प्रयोग किया जा रहा था। इनके विरुद्ध भी केस दर्ज करने की कार्रवाई की गई।
इसके साथ ही राममूर्ति, एसएनएस जूनियर हाईस्कूल के संचालक, भगवानदीन, यशोदा देवी, विनोद कुमार, अमरावती, रामबली, रामजगत चौहान द्वारा घरेलू कनेक्शन लिया गया था, लेकिन इसके स्थान पर व्यवसायिक कनेक्शन के रूप में प्रयोग किया जा रहा था। इनके विरुद्ध विधिक कार्रवाई का निर्णय हुआ। इसके साथ ही लगभग 23 लाख रुपये बकाया बिल की वसूली भी की गई। इससे पहले जांच अभियान के दौरान संबंधित क्षेत्र में हड़कंप का माहौल रहा।