कैडेट चयन के लिए लगा शिविर
कटरा (श्रावस्ती)। एनसीसी कैडटों के चयन के लिए शुक्रवार को जगतजीत इंटर कॉलेज इकौना में चयन शिविर का आयोजन किया गया। इसकी अध्यक्षता विद्यालय के प्राचार्य डॉ. भूदेश्वर पांडेय ने की। इस शिविर का आयोजन 51 यूपी एनसीसी बटालियन बलरामपुर ने किया। स्कूली छात्रों में राष्ट्र प्रेम व अनुशासन बनाए रखने के लिए राष्ट्रीय कैडेट कोर की स्थापना की गई है। इस दौरान इंटरमीडिएट के छात्र सीनियर डिवीजन में नामांकित हो सकते हैं। कैडेटों के चयन के लिए इकौना के जगतजीत इंटर कॉलेज में आयोजित शिविर के दौरान 51 यूपी एनसीसी बटालियन बलरामपुर ने 163 प्रतिभागियों में से 23 कैडेटों का चयन किया। इन चयनित कैडेटों को हथियार चलाने से लेकर अन्य प्रशिक्षण दिया जाएगा। (संवाद)
जलभराव वाले स्थानों पर लगे हैंडपंप का न पिएं पानी
श्रावस्ती। बरसात से हुए जलभराव के कारण अब संक्रमण का खतरा बढ़ गया है। ऐसे में शुक्रवार को डीएम ने ग्रामीण व नगरीय क्षेत्र के अधिकारियों को निर्देशित किया है कि जलभराव वाले स्थानों पर लगे हैंडपंपों के लिए नए विकल्प की तलाश करें। इसके साथ इन हैंडपंप से निकलने वाले पानी की जांच तत्काल कराएं।
बरसात के दिनों में कई स्थानों पर जलभराव की स्थिति अभी भी बनी हुई है। जिसके चलते क्षेत्र में संक्रमण फैलने का डर बना हुआ है। सबसे अधिक समस्या उन स्थानों पर है जहां हैंडपंप के चारों ओर गंदा पानी जमा है। ऐसे में संभव है कि हैंडपपं का पानी भी दूषित हो चुका हो। इस समस्या को संज्ञान में लेते हुए डीएम टीके शिबु ने ग्रामीण व नगरीय क्षेत्रों में लगे हैंडपंपों से निकलने वाले जल का परीक्षण कराने का निर्देश दिया है। ग्रामीण क्षेत्रों में यह जिम्मेदारी डीपीआरओ को तो नगरीय क्षेत्र में यह जिम्मेदारी नगर पंचायत व नगर पालिका परिषद के अधिशासी अधिकारी को सौंपी गई है। इसके साथ ही इन हैंडपंपों के लिए अलग से विकल्प भी तलाश करने को कहा। ताकि जलभराव वाले क्षेत्र से हैंडपंप को हटा कर ऐसे स्थान पर लगाया जा सके। जहां का पानी बरसात में भी शुद्ध मिल सके। (संवाद)