अकबरपुर तहसील के कटेहरी बाजार से गुजरेगा बाईपास
- फोटो : संवाद
अंबेडकरनगर। कटेहरी बाजार में 100 करोड़ 83 लाख 32 हजार रुपये की लागत से लगभग चार किमी लंबे फोरलेन बाईपास का निर्माण होगा। साढ़े 20 मीटर चौड़े कटेहरी बाजार बाईपास निर्माण से लगभग साढ़े चार सौ किसान प्रभावित होंगे। प्रांतीय खंड लोक निर्माण कार्यालय ने इस संबंध में निदेशालय को आगड़न भेज दिया है। माना जा रहा है कि चुनाव संपन्न होने के बाद शासन से निर्माण को मंजूरी मिल जाएगी। इसके बाद निर्माण संबंधित प्रक्रियाएं शुरू हो जाएंगी।
बसखारी से अकबरपुर होते हुए अयोध्या तक निर्माणाधीन फोरलेन निर्माण के बीच आने वाले कटेहरी बाजार में बाईपास निर्माण की मांग लंबे समय से बाजारवासियों की ओर से की जा रही थी। दरअसल जिला मुख्यालय से लगभग 10 किमी दूर अयोध्या मुख्य मार्ग पर स्थित कटेहरी बाजार अत्यंत व्यस्ततम बाजारों में शामिल है। पहले फोरलेन निर्माण कटेहरी बाजार के अंदर से ही होकर गुजरना था।
बाजारवासियों के तमाम विरोध के बावजूद बाजार स्थित कुछ दुकानों को चिह्नित कर उन्हें तोड़ा भी गया था। कुछ घरों को भी चिह्नित किया गया। उन्हें तोड़ने के लिए संबंधित स्वामियों को नोटिस भी दी गई। इस बीच फोरलेन निर्माण के चलते ज्यादा नुकसान को देखते हुए बाइपास निर्माण की मांग लगातार तेज होती रही। विधानसभा में भी बाइपास निर्माण की मांग जनप्रतिनिधियों की ओर से उठाई गई।
अब बाजारवासियों की मांग पूरी होती नजर आ रही। प्रांतीय खंड लोकनिर्माण कार्यालय के अनुसार कटेहरी बाजार में बाईपास निर्माण के लिए विभाग से संबंधित निदेशालय को 100 करोड़ 83 लाख 32 हजार रुपये का आगड़न भेजा गया है। 3.8 किमी लंबे फोरलेन बाईपास का निर्माण बाजार के दक्षिणी छोर से उत्तरी छोर तक होगा। सड़क के बीच में ढाई मीटर चौड़ा डिवाइडर होगा जबकि इसके दोनों तरफ नौ-नौ मीटर चौड़ी सड़क का निर्माण होगा। बाईपास निर्माण में लगभग साढ़े चार सौ किसान प्रभावित होंगे। किसानों को 60 करोड़ रुपये का मुआवजा दिया जाएगा।
जाम से मिलेगी राहत
कटेहरी बाजार अत्यंत व्यस्ततम होने के चलते अक्सर यहां ग्राहकों की भीड़ रहती है। अकबरपुर अयोध्या मार्ग होने के चलते वाहनों का दबाव भी अधिक रहता है। इसके चलते यहां अक्सर जाम की समस्या बनी रहती है। बाईपास निर्माण से जाम की समस्या से बाजारवासियों को बड़ी राहत मिलेगी। करमपुर निवासी अधिवक्ता जयप्रकाश व बाजार निवासी ओम सोनी ने कहा कि बाईपास निर्माण से न सिर्फ जाम की समस्या दूर होगी बल्कि व्यवसाय भी बेहतर होगा। हालांकि इसका निर्माण यदि शुरू में ही हो जाता तो जो दुकानें तोड़ी गई हैं वह न टूटतीं।
चल रही प्रक्रिया
बाईपास निर्माण के लिए प्रक्रिया चल रही है। चुनाव संपन्न होने के बाद शासन से मंजूरी मिलने की संभावना है। मंजूरी मिलते ही निर्माण संबंधित प्रक्रिया प्रारंभ कर दी जाएगी। -सौरभ सिंह, अधिशासी अभियंता प्रांतीय खंड लोक निर्माण