अकबरपुर बस अड्डे पर खड़ीं बसें व यात्री।
- फोटो : संवाद
अंबेडकरनगर। परिवहन निगम की ज्यादातर बसों के चुनाव में चले जाने से गंतव्य तक जाने में मुश्किलों से संघर्ष कर रहे यात्रियों के लिए राहत की खबर है। लोकसभा चुनाव के मद्देनजर सीतापुर, हरदोई व लखीमपुर खीर गईं 20 बसें सोमवार देर रात तक अकबरपुर बस स्टेशन के बेड़े में शामिल हो गईं। ऐसे में लगभग एक सप्ताह बाद 14 मई से दिल्ली व कानपुर के लिए एक बार फिर से परिवहन निगम की बसों का संचालन शुरू हो जाएगा। मालूम हो कि अकबरपुर बस स्टेशन के बेड़े में कुल 65 बस शामिल हैं।
लोकसभा चुनाव के मद्देनजर एक-एक कर 33 बसें चुनाव के लिए दूसरे जनपद चली गईं। ऐसे में बेड़े में सिर्फ 22 बसें ही शेष रह गईं। नतीजतन दिल्ली, कानपुर व वाराणसी के लिए बस का संचालन बंद कर दिया गया। इसके साथ ही आजमगढ़ से, लखनऊ, बस्ती के लिए भी चलने वाली बसों में कटौती कर दी गई। ऐसे में गंतव्य तक जाने के लिए यात्रियों को व्यापक मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा था।
अब चुनाव के लिए सीतापुर, हरदोई व लखीमपुर खीरी गईं 20 बस सोमवार देर रात तक अकबरपुर बस स्टेशन के बेड़े में शामिल हो गईं। एआरएम कार्यालय के अनुसार 14 मई से एक बार फिर से जहां दिल्ली के लिए तीन व कानपुर के लिए आठ बस का संचालन शुरू कर दिया जाएगा तो वहीं शेष बसों का संचालन आजमगढ़ व लखनऊ के लिए किया जाएगा। एआरएम सीवीराम ने बताया कि मंगलवार से दिल्ली व कानपुर के लिए सुचारु रूप से बसों का संचालन शुरू हो जाएगा।