जहांगीरगंज (अंबेडकरनगर)। जहांगीरगंज के गिरैया बाजार स्थित देसी शराब की दुकान में सोमवार रात चोरों ने सेंध लगाकर तीन पेटी शराब और 12 हजार रुपये नकद चोरी कर लिए। मंगलवार सुबह करीब 10 बजे जब सेल्समैन अखिलेश पांडेय रोज की तरह दुकान खोलने पहुंचे, तो चोरी की जानकारी हुई। उन्होंने तुरंत पुलिस को सूचित किया, जिसके बाद थानाध्यक्ष अजय प्रताप यादव के नेतृत्व में पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर जानकारी जुटाई। आसपास के लोगों से पूछताछ भी की गई, लेकिन अभी तक चोरों का कोई सुराग नहीं लग पाया है।
बताया जा रहा है कि चोरी के लिए चोरों ने दुकान के पीछे बनी कच्ची दीवार की ईंटें हटाकर अंदर प्रवेश किया। यह दीवार मिट्टी से जोड़ी गई थी, जिससे चोरों को अंदर घुसने में आसानी हुई। दुकान के मालिक अवनीश सिंह ने इस मामले में अज्ञात चोरों के खिलाफ थाने में तहरीर दी है। थाना अध्यक्ष ने बताया कि प्राप्त तहरीर के आधार पर छानबीन की जा रही है। जल्द ही घटना का खुलासा किया जाएगा।