अंबेडकरनगर। जिला पंचायत सभागार में शनिवार को जिला पंचायत बोर्ड की पहली बैठक की गई। जिला पंचायत अध्यक्ष साधू वर्मा की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में सबसे पहले विभिन्न विकास कार्यों की समीक्षा की गई। बताया गया कि 15वें वित्त आयोग से जिला पंचायत के पास 9 करोड़ रुपये उपलब्ध हैं। इस धनराशि से सड़क का निर्माण कराया जाएगा। साथ ही आने वाले समय में पेयजल की उपलब्धता, शौचालय, विद्यालय, जल निकासी आदि व्यवस्थाएं भी दुरुस्त की जाएंगी। सभी जिला पंचायत सदस्यों को आश्वस्त किया गया कि वे प्राथमिकता के अनुसार अपने-अपने क्षेत्र के कार्यों का प्रस्ताव सौंपें। बोर्ड की स्वीकृति के बाद प्राथमिकता पर कार्य कराया जाएगा। उन्होंने कहा कि जिन भी मार्गों पर जिला पंचायत की भूमि है, वहां दुकानों का निर्माण कराया जाए।
जिला पंचायत अध्यक्ष ने बैठक में वर्ष 2021-22 में पंचम राज्य वित्त आयोग एवं 15वें वित्त आयोग से प्राप्त होने वाली धनराशि से होने वाले कार्यों के बारे में जानकारी दी। परियोजनाओं के चयन पर भी विचार विमर्श हुआ। जनपद के ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में स्वच्छ पेयजल की उपलब्धता/स्वच्छता एवं शौचालय दुरुस्त कराने पर चर्चा हुई। कहा कि बाजारों व अन्य क्षेत्रों में बदहाल मार्गों को दुरुस्त कराया जाएगा। जिन क्षेत्रों में जनसेवा केंद्र नजदीक नहीं है, वहां जनसेवा केंद्र की उपलब्धता सुनिश्चित की जाएगी।
अपर मुख्य अधिकारी को निर्देशित किया कि संपत्ति एवं विभव कर पर विशेष ध्यान दिया जाए, जिससे जिला पंचायत की आय में वृद्धि हो सके। साथ ही अध्यक्ष ने अपर मुख्य अधिकारी से आय में वृद्धि के उपायों के बारे में भी जानकारी ली। अपर मुख्य अधिकारी ने बताया कि जिले में कुल 55 दुकानें जिला पंचायत की है। इसमें 24 दुकानें रामनगर विकास खंड में है। उनका आवंटन नहीं किया जा सका है। अध्यक्ष ने तत्काल दुकानों के आवंटन प्रक्रिया को आगे बढ़ाने का निर्देश दिया। साथ ही कहा कि जिन भी मार्गों पर जिला पंचायत की भूमि है, वहां दुकानों का निर्माण कराया जाए। इसके लिए जल्द ही शासन को प्रस्ताव भेजा जाए।
अध्यक्ष ने बेसिक शिक्षा विभाग को निर्देशित किया कि जिले के 189 जर्जर प्राथमिक व उच्च प्राथमिक विद्यालयों के कायाकल्प के लिए जल्द पत्र लिखा जाए। उन्होंने माझा उल्टहवा, खेबपुर हाजीपुर के पंचायत भवन को सुदृढ़ कराने का निर्देश दिया। पीडब्ल्यूडी को निर्देशित किया कि अविलंब अकबरपुर इल्तिफातगंज मार्ग का सुदृढ़ीकरण किया जाए। अधिशाषी अभियंता निर्माण खंड को न्यौरी जलालपुर गोविंदसाहब मार्ग, रामनगर से न्यौरी, बावली चौक, मकरही मार्ग के सुदृढ़ीकरण करने को कहा।
सिंचाई विभाग के अधिकारियों को निर्देशित किया कि जिले के सभी नहरों व माइनरों की टेल तक सफाई सुनिश्चित की जाए। शहरी व ग्रामीण क्षेत्रों में बेहतर विद्युत आपूर्ति के लिए अधिशाषी अभियंता विद्युत को निर्देशित किया। इस मौके पर एमएलसी हीरालाल यादव, पूर्व कैबिनेट मंत्री रामअचल राजभर, पूर्व कैबिनेट मंत्री लालजी वर्मा, टांडा विधायक संजू देवी, आलापुर विधायक अनीता कमल, सीडीओ घनश्याम मीणा व एएसपी संजय राय समेत जिला पंचायत सदस्य व विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।