अंबेडकरनगर। अकबरपुर कोतवाली अंतर्गत मोहसिनपुर मोहल्ले में रविवार की रात सराफा की दुकान का ताला तोड़कर चोरों ने लगभग चार लाख रुपये की संपत्ति पार कर दी। कोतवाली से लगभग 200 मीटर की दूरी पर हुई घटना से नागरिकों व दुकानदारों में नाराजगी है। कोतवाली पुलिस ने घटनास्थल का जायजा लिया। पीड़ित ने केस दर्ज करने के लिए तहरीर दी। पुलिस ने छानबीन शुरू कर दी है।
अकबरपुर कोतवाली अंतर्गत अशोक विहार कॉलोनी निवासी योगेश सोनी की मोहसिनपुर मोहल्ले में सराफा की दुकान है। रविवार देर शाम योगेश दुकान बंद कर घर चला गया। सोमवार सुबह जब वह दुकान खोलने पहुंचा, तो शटर का ताला टूटा देखा। घटना की जानकारी होते ही आसपास के अन्य नागरिक व दुकानदार भी मौके पर पहुंच गए। वह दुकान खोलकर अंदर गया, तो चारों तरफ सामान बिखरा पड़ा था।
पीड़ित के अनुसार लगभग चार लाख रुपये के सोने व चांदी के आभूषण चोरों ने पार कर दिए। पीड़ित ने कोतवाली पुलिस को केस दर्ज करने के लिए तहरीर दी। उधर कोतवाली से महज 200 मीटर की दूरी पर स्थित दुकान में हुई चोरी की घटना ने पुलिस की रात्रिगश्त की पोल खोल दी। स्थानीय नागरिकों ने इस पर नाराजगी जताई। उधर कोतवाल अमित कुमार सिंह ने बताया कि तहरीर मिली है। मामले में छानबीन की जा रही है।