कटेहरी (अंबेडकरनगर) क्षेत्र पंचायत बोर्ड कटेहरी की बैठक शुक्रवार को ब्लॉक प्रमुख अनिल कुमार की अध्यक्षता में हुई। इसमें करीब 10 करोड़ रुपये के अलग-अलग कार्यों को मंजूरी दी गई।
कटेहरी ब्लाॅक परिसर में आयोजित बैठक में प्रमुख अनिल वर्मा ने सभी क्षेत्र पंचायत सदस्यों व ग्राम प्रधानों से कहा कि सामूहिक सहयोग से पूरे विकासखंड क्षेत्र के लोगों को ज्यादा से ज्यादा सुविधाएं मुहैया करानी हैं। इसके लिए सकारात्मक ढंग से सभी जरूरी कार्यों को कराया जाएगा। बैठक में मनरेगा योजना के तहत श्रम बजट, 15 वें केंद्रीय वित्त आयोग तथा पंचम राज्य वित्त आयोग के कार्यों पर विस्तार से विचार करते हुए उन्हें मंजूरी प्रदान की गई।
बोर्ड ने आवास योजना, लघु सिंचाई, सहकारिता आदि से जुड़े कार्यों पर विस्तृत चर्चा की। प्रमुख ने सभी सदस्यों को आश्वस्त किया कि विकास कार्य पूरी पारदर्शिता से होंगे। बीडीओ प्रमोद कुमार यादव ने बताया कि बोर्ड में अलग-अलग योजना के तहत कुल लगभग 10 करोड़ रुपये के कार्यों को मंजूरी दी गई। इसमें आवागमन और जलनिकासी जैसे कार्य शामिल हैं। (संवाद)