फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

भाजपा ने पूर्व सांसद हरिओम को बनाया एमएलसी प्रत्याशी

विज्ञापन
विज्ञापन
अंबेडकरनगर। भारतीय जनता पार्टी ने एमएलसी चुनाव में बड़ा दांव चलते हुए जिले के पूर्व सांसद कद्दावर नेता डॉ. हरिओम पांडेय को अपना प्रत्याशी घोषित कर दिया है। पिछले एमएलसी चुनाव में पार्टी ने उनके भाई सुरेंद्र पांडेय को प्रत्याशी बनाया था। उन्हें सपा प्रत्याशी हीरालाल यादव ने पराजित कर दिया था। सपा ने हीरालाल को दोबारा चुनाव मैदान में उतार दिया है। भाजपा की तरफ से अंबेडकरनगर से लेकर अयोध्या तक के कई वरिष्ठ नेता टिकट की दौड़ में थे, लेकिन बाजी अंतत: हरिओम के हाथ लगी। टिकट मिलने के फौरन बाद हरिओम ने मंडल मुख्यालय अयोध्या पहुंचकर पार्टी के तमाम पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं से संपर्क साधा। वे रविवार को अंबेडकरनगर के कार्यकर्ताओं व पदाधिकारियों से मुलाकात करेंगे।
विज्ञापन

बीते दिनों निपटे विधानसभा चुनाव में जिले की सभी पांच सीट गंवाने वाली भाजपा विधान परिषद सदस्य के चुनाव को गंभीरता से ले रही है। पार्टी की कोशिश है कि विधानसभा चुनाव से पहले वर्ष 2019 में हुए लोकसभा चुनाव में भी जिले की एक मात्र सीट पर मिली पराजय के दंश को अब दूर किया जा सके। इसी के चलते विधान परिषद चुनाव में टिकट देने को लेकर काफी माथापच्ची की गई। न सिर्फ अंबेडकरनगर वरन अयोध्या जनपद के लगभग सात ऐसे दावेदार थे जिनके लिए तगड़ी पैरवी उनके पैरोकारों द्वारा की जा रही थी। पार्टी ने तमाम सर्वे तथा जातीय आंकड़ों को ध्यान में रखते हुए अंतत: पूर्व सांसद डॉ. हरिओम पांडेय को टिकट थमा दिया।
वे वर्ष 2014 में अंबेडकरनगर सामान्य लोकसभा सीट से सांसद रह चुके हैं। वर्ष 2019 में वे फिर से भाजपा की टिकट की दौड़ में थे, लेकिन उनका टिकट काटकर पार्टी ने प्रदेश के सहकारिता मंत्री मुकुट बिहारी वर्मा को टिकट थमा दिया। एड़ी चोटी का जोर लगाने के बाद भी मुकुट बिहारी को सफलता नहीं मिली थी। बसपा प्रत्याशी के तौर पर रितेश पांडेय ने उन्हें पराजित कर दिया था। बाद में जलालपुर में हुए विधानसभा उपचुनाव में पार्टी कार्यकर्ताओं ने पूर्व सांसद हरिओम को भाजपा से उतारने की मांग की, लेकिन उन्हें टिकट नहीं मिला। विधानसभा के सामान्य चुनाव के बाद उपचुनाव में भी भाजपा को ऐसे में जलालपुर में पराजित होना पड़ा था।
विज्ञापन

अब विधान परिषद चुनाव में पूर्व सांसद हरिओम को मौका मिला है। पिछले विधान परिषद चुनाव में पार्टी ने उनके भाई सुरेंद्र पांडेय को टिकट थमाया था। हालांकि उन्हें सपा प्रत्याशी हीरालाल यादव के हाथों पराजित होना पड़ा। समाजवादी पार्टी ने वरिष्ठ नेता हीरालाल को फिर से अपना एमएलसी प्रत्याशी बना दिया है। हीरालाल अविभाजित अंबेडकरनगर व अयोध्या जनपद के जिला पंचायत अध्यक्ष भी रह चुके हैं। दोनों जनपदों में उनकी पकड़ को देखते हुए उन्हें टिकट दिया गया है।
टिकट मिलते ही अयोध्या पहुंचे हरिओम
विधान परिषद चुनाव में टिकट मिलते ही शनिवार को पूर्व सांसद हरिओम पांडेय अयोध्या पहुंच गए। वहां उन्होंने जिलाध्यक्ष समेत कई वरिष्ठ पार्टी नेताओं व कार्यकर्ताओं से मुलाकात की। चुनाव को लेकर उनसे विचार विमर्श किया। तय हुआ कि ब्लॉकवार अभियान छेड़कर पार्टी को जीत दिलायी जाए। पूर्व सांसद से मिलने पहुंचे नेताओं व कार्यकर्ताओं ने उन्हें समर्थन का भरोसा दिलाते हुए कहा कि जीत सुनिश्चित करायी जाएगी। इस बीच पूर्व सांसद अपने गृह जनपद अंबेडकरनगर के नेताओं व कार्यकर्ताओं से 20 मार्च को मुलाकात करेंगे। जिलाध्यक्ष डॉ. मिथिलेश त्रिपाठी ने बताया कि हरिओम पांडेय को टिकट देने से जिले के कार्यकर्ताओं व पंचायत प्रतिनिधियों में खुशी की लहर है। पार्टी को बड़े अंतर से जीत मिलेगी।
खेलों व शिक्षा से है पूर्व सांसद का गहरा नाता
पूर्व सांसद हरिओम पांडेय का खेलों व शिक्षा के क्षेत्र से गहरा नाता है। भीटी व कटेहरी ब्लॉक के अलावा अयोध्या जनपद के कई क्षेत्रों में स्थित स्कूलों से प्रत्यक्ष व अप्रत्यक्ष तौर पर जुड़े हुए हैं। स्कूल से लेकर कॉलेजों तक के प्रबंधन व संचालन समिति से जुड़े हरिओम का खेलों से लगाव पुराना रहा है। वॉलीबाल खेल में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर चुके हरिओम इन दिनों उत्तर प्रदेश वॉलीबाल एसोसिएशन के अध्यक्ष भी हैं। समय-समय पर विभिन्न प्रकार के अंतर जनपदीय व प्रांतीय खेलों का आयोजन कराते रहने वाले हरिओम भारतीय जनता पार्टी राष्ट्रीय परिषद के सदस्य हैं। वे सेल्फ फाइनेंस हायर एजुकेशन एसोसिएशन के प्रांतीय महामंत्री भी हैं।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें