जलालपुर (अंबेडकरनगर)। जलालपुर क्षेत्र में शुक्रवार दोपहर अज्ञात वाहन से टकराकर एक बाइक सवार की मौत हो गई। जबकि उनका साथी घायल हो गया।
जैतपुर क्षेत्र के नेवादा कला निवासी जयनाथ (52) नौटंकी में हारमोनियम बजा कर अपना जीवन यापन करते थे। जबकि उनका साथी रकबा निवासी गणेश डांसर का काम करते थे। शुक्रवार दोपहर एक बजे तिघरा के पास रामगढ़ से जलालपुर के तरफ आ रहे अज्ञात वाहन से उनकी बाइक में पीछे से टक्कर हो गई। घटना के बाद चालक वाहन लेकर भाग गया। वहीं, स्थानीय लोगों की मदद से बाइक सवार दोनों घायलों को सीएचसी नगपुर पहुंचाया, जहां पर चिकित्सक ने जयनाथ को मृत घोषित कर दिया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार बाइक सवारों ने हेलमेट नहीं पहना था।
जबकि साथी गणेश का उपचार किया गया। उनकी हालत अब ठीक बताई जा रही है। मृतक जयनाथ की पत्नी का कई वर्ष पहले ही निधन हो चुका है। उनका एक 15 वर्षीय बेटा सौरभ है। कोतवाली प्रभारी संतोष सिंह ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।