अंबेडकरनगर। अकबरपुर के बूढ़नपुर बरियावन निवासी दानिश (21) सोमवार देर शाम न्योतरिया हाईवे के पास सड़क हादसे में घायल हो गए थे। पुलिस ने घायल अवस्था में जिला अस्पताल भिजवाया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। परिजनोंं का रो-रोकर बुरा हाल है।
मृतक के चचेरे भाई शकील के मुताबिक सोमवार को दानिश का दोस्त मोहम्मद सैफ घर आया था। रात सात बजे दानिश उसे बाइक से लेकर टांडा-बांदा राष्ट्रीय राजमार्ग अकबरपुर के सेठ द ढाबा पर छोड़ने गए थे। रात आठ बजे लौटते समय हाईवे पर स्थित शारदा ढाबा के पास पहुंचे थे, तभी सुल्तानपुर की तरफ से आ रहे तेज रफ्तार पिकअप ने गलत दिशा से आकर उनकी बाइक में टक्कर मार दी। हादसे में वह उछलकर सड़क पर दूर जा गिरा और गंभीर रूप से घायल हो गया। राहगीरों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। इसके बाद पुलिस ने घायल अवस्था में उन्हें जिला अस्पताल भिजवाया। जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। दानिश के पिता खलील अहमद की एक दशक पूर्व मौत हो चुकी है। दो बहनें हिना खान और अर्शिया बानो का विवाह हो चुका है। बड़े भाई मोहम्मद सुफियान के कंधोंं पर घर की पूरी जिम्मेदारी है। पहले पति और अब जवान बेटे की मौत होने पर मृतक की मां प्रवीन बेगम का रो-रोकर बुरा हाल है। कोतवाल श्रीनिवास पांडेय ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। तहरीर मिलने पर केस दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।
19 जुलाई को मृतक की दुकान का होना था शुभारंभ
चचेरे भाई शकील के मुताबिक दानिश के भाई सुफियान ने अपने छोटे दानिश के लिए गुजरात में ही कपड़े की दुकान खुलवाने की सोच रखी थी। 19 जुलाई को बकायदा दुकान की ओपनिंग होनी थी। इसके लिए सुफियान 15 जुलाई को गांव शकील को लेने के लिए आने वाला था। अचानक भाई की मौत की खबर सुन दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। सारे अरमान धरे के धरे रह गए।