अंबेडकरनगर के कटेहरी कस्तूरबा गांधी विद्यालय में बच्चों को पढ़ातीं बीईओ सबिस्ता परवीन।
- फोटो : AMBEDKAR NAGAR
अंबेडकरनगर। राजकीय कस्तूरबा गांधी विद्यालय पहुंचकर बीईओ कटेहरी सबिस्ता परवीन गुरुवार को एक बार फिर शिक्षक की भूमिका में नजर आईं। उन्होंने बालिकाओं को सरल ढंग से गणित और अंग्रेजी पढ़ना सिखाया। साथ ही विद्यालय में भोजन की गुणवत्ता बनाये रखने और सफाई पर विशेष ध्यान देने का निर्देश दिया।
जिला प्रशासन की तरफ से मिल रहे निर्देशों के तहत राजकीय स्कूलों में बेहतरी तय करने के लिए कटेहरी की खंड शिक्षा अधिकारी सबिस्ता परवीन राजकीय कस्तूरबा बालिका विद्यालय पहुंच गईं। बालिकाओं के आवासीय विद्यालय में सुविधाओं का निरीक्षण करने के साथ ही कहा कि शासन की प्राथमिकता है कि बच्चों को बेहतर शिक्षा और गुणवत्तापूर्ण भोजन दिया जाये। इसमें कोई भी कमी न रहे। सफाई लगातार बनाये रखने का निर्देश देते हुए कहा कि माहौल बेहतर रहेगा तो छात्राओं का मन पढ़ाई और अन्य रचनात्मक गतिविधि में ज्यादा अच्छे से लग सकेगा।
उन्होंने अलग-अलग छात्राओं से सुविधाओं को लेकर फीडबैक भी लिया। बीईओ इसके बाद उस कक्षा में पहुंचीं, जहां पढ़ाई चल रही थी। वे वहां रुक गईं। पहले ब्लैक बोर्ड पर गणित को आसान तरीके से पढ़ना समझाया। कहा कि गणित अत्यंत आसान है। बस ध्यान देने की जरूरत है। इसके बाद अंग्रेजी के सवाल-जवाब भी कराए। छात्राओं की कॉपियों को चेक करने के साथ वहां प्रश्न लिखकर जवाब भी सामने लिखवाया।
छात्राओं को सरकार की तरफ से जिले में चलाई जा रही मिशन शक्ति योजना के बारे में विस्तार से बताया। कहा कि आप लोग सिर्फ मन से पढ़ने पर ध्यान दें। आपके लिए तमाम सुविधाएं जिला प्रशासन और सरकार की तरफ से तय की जा रही हैं। वार्डेन रेनू सिंह ने उन्हें बताया कि सभी छात्राओं को बेहतर माहौल और सुविधा दी जा रही है।