अंबेडकरनगर। आशा बहुओं व एएनएम को अकबरपुर नगर के मीरानपुर स्थित संयुक्त सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर विशेष प्रशिक्षण दिया गया। इसमें उन्हें कोरोना वॉयरस से बचाव के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। कहा गया कि जागरूकता के आधार पर ही कोरोना से बचा जा सकता है। ऐसे में उनकी जिम्मेदारी है कि वे गांव-गांव, घर-घर जाकर ग्रामीणों को कोरोना के बारे में व उससे बचाव के बारे में विस्तार से जानकारी दें।
स्वास्थ्य शिक्षा अधिकारी एनसीराम ने कहा कि प्रदेश सरकार ने कोरोना को महामारी घोषित किया है। कोरोना वॉयरस हमारे श्वसन तंत्र पर सीधा वार करता है। इसमें सर्दी, जुकाम, बुखार के साथ-साथ सांस लेने में समस्या उत्पन्न होती है। ऐसे में यदि इस प्रकार के लक्षण किसी में नजर आएं तो उसे तत्काल इलाज के लिए जिला अस्पताल, राजकीय मेडिकल कॉलेज सद्दरपुर में भर्ती कराएं।
कहा कि वैसे तो कोरोना वॉयरस से होने वाले रोग का अभी समुचित इलाज नहीं है, लेकिन जागरूकता के आधार पर इससे बचा जा सकता है। कहा कि बदलते मौसम में होने वाला सर्दी, जुकाम व बुखार कोरोना वॉयरस की पहचान नहीं है।
प्रशिक्षक शाहिद कमर ने कहा कि कोरोना वॉयरस से बचाव के लिए सभी को जागरूक होना होगा। खानपान व साफ-सफाई पर विशेष ध्यान दें। कुछ-कुछ देर पर कोहनी से हाथ धोते रहें। यदि किसी को सर्दी जुकाम है तो उससे कम से कम एक मीटर की दूरी बनाए रखें। खांसते व छींकते समय मुंह व नाक पर रुमाल जरूर रखें। सार्वजनिक स्थान पर न थूकें। कोशिश करें कि एक-दूसरे से हाथ न मिलाएं।
भीड़भाड़ वाले क्षेत्र में जाने से परहेज करें। आशा व एएनएम से आह्वान किया कि वे गांव-गांव, घर-घर जाकर ग्रामीणों को कोरोना से बचाव के बारे में विस्तार से जानकारी दें।